चक्रवात, भूकंप और बाढ़ से निपटने की तैयारी परखेंगी तीनों सेनाएं
नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस) भारतीय वायुसेना गुजरात के जामनगर स्थित वायुसेना स्टेशन पर एक विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। यह एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर का मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास (एजेएचई-26) होगा। इसमें भारत के कई मित्र देश व भारत की तीनों सेनाएं शामिल होंगी। यहां विभिन्न देशों के सैन्य बल चक्रवाती तूफान, भूकंप, बाढ़ आदि जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों करेंगे।
भारतीय वायुसेना के मुताबिक 17 नवंबर से शुरू होने वाला यह अभ्यास 19 नवंबर तक चलेगा। यह वायुसेना का एक वार्षिक संयुक्त अभ्यास है। भारतीय वायुसेना ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। इस तीन दिवसीय अभ्यास में मित्र देशों के साथ भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, तटरक्षक बल और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) हिस्सा लेंगे। अभ्यास का उद्देश्य बड़ी आपदाओं के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, संयुक्त अभियान चलाने की क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय को मजबूत करना है।
अभ्यास में चक्रवाती तूफान, भूकंप, बाढ़ और रासायनिक आपात स्थिति जैसी गंभीर परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत विभिन्न एजेंसियां आपदा के समय एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने और प्रभावी राहत एवं बचाव अभियान चलाने की अपनी क्षमता को परखेंगी। इस अभ्यास से भारत और मित्र देशों के बीच आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग और समन्वय को भी मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि भारत और म्यांमार की सेनाओं ने भी आपदा के समय राहत अभियान चलाने की अपनी तैयारियों को परखा है। इसके लिए दोनों देशों के बीच पहला संयुक्त त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ आयोजित किया गया। यह अभ्यास चेन्नई में किया गया। अभ्यास ‘राहत मित्र’ के दो दिवसीय अभियान का समापन 9 नवंबर को हुआ है।
दोनों देशों की सेनाओं ने इस अभ्यास में समुद्र, जमीन और आसमान में आपदा राहत अभियानों की अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। दरअसल दोनों देशों के बीच यह पहला संयुक्त त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास था। इसमें भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना के जवानों के साथ म्यांमार के रक्षा बलों के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना और संयुक्त राहत अभियान चलाने की क्षमता बढ़ाना था। इसके तहत दोनों देशों के सैन्य दलों ने एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझा और आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभव साझा किए।
--आईएएनएस
जीसीबी/पीएम

