Samachar Nama
×

सीईआरसी भर्ती 2026 : संयुक्त प्रमुख सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, जानें डिटेल्स

सीईआरसी भर्ती 2026 : संयुक्त प्रमुख सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, जानें डिटेल्स
सीईआरसी भर्ती 2026 : संयुक्त प्रमुख सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, जानें डिटेल्स

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (सीईआरसी) ने डेप्युटेशन/अल्पकालिक अनुबंध के आधार पर खाली विभिन्न 17 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

सीईआरसी की ओर से जारी 17 रिक्तियों में संयुक्त प्रमुख (वित्त) का 1, उप प्रमुख (आरए) का 1, सहायक सचिव (एफओआर) का 1, सहायक प्रमुख (इको) का 1, सहायक प्रमुख (इंजीनियरिंग) का 1, सहायक प्रमुख (वित्त) का 1, वेतन एवं लेखा अधिकारी का 1, वरिष्ठ लेखा अधिकारी का 1, निजी सचिव के 4 और सहायक के 5 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।

इसी के साथ आयोग ने उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करने की भी सलाह दी है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार वित्त में एमबीए या सीए/सीएमए, इकोनोमेट्रिक्स में पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ अर्थशास्त्र में स्पेशलाइजेशन, पीजी डिप्लोमा के साथ ग्रेजुएशन, वाणिज्य में ग्रेजुएशन की डिग्री, इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन, कंप्यूटर और एमएस ऑफिस की जानकारी, आदि योग्यता होनी चाहिए।

वहीं, आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, बातचीत और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 35,400 से 2,15,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सीईआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'उप प्रमुख (प्रशासन), केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग, 8वीं मंजिल, टॉवर-बी, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, नौरोजी नगर, नई दिल्ली - 110 029' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story