सेंसर बोर्ड से पास हुई 'हे कन्नम्मा', मेकर्स बोले- फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए तैयार हो जाइए
मुंबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक सासी कुमार मुथुलुरी की आगामी म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'हे कन्नम्मा' सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। मेकर्स ने बताया कि फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट के साथ रिलीज के लिए मंजूरी दे दी गई है।
दिल राजू प्रोडक्शंस हाउस एलएलपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर फिल्म का पोस्टर शेयर कर लिखा, "हमारी फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट मिल गया। नए जमाने की लव स्टोरी फिल्म 'हे कन्नम्मा' को बड़े पर्दे पर देखने के लिए तैयार हो जाइए। यह फिल्म 27 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।"
बता दें कि इस फिल्म के जरिए डांसर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धनश्री वर्मा तेलुगू सिनेमा में अपनी नई पारी शुरू कर रही हैं, जिस वजह से फैंस के मन में फिल्म को लेकर एक अलग उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म में धनश्री वर्मा के अलावा यशवंत मास्टर, कार्तिका मुरलीधरन, सीरत कपूर, ब्रह्माजी और वेंकटेश काकुमानु जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह एक रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म है, जिसमें डांस और संगीत को अहम जगह दी गई है। धनश्री वर्मा और यशवंत मास्टर की मौजूदगी से फिल्म में डांस परफॉर्मेंस को लेकर खास चर्चा है। फिल्म का टीजर हाल ही में जारी किया गया है।
सासी कुमार मुथुलुरी द्वारा लिखी और डायरेक्ट की गई इस फिल्म को जी स्टूडियोज पेश कर रहा है। फिल्म को दिल राजू प्रोडक्शंस एलएलपी के बैनर तले हर्षित रेड्डी और हंसिता ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म की टेक्निकल टीम भी काफी शानदार है। फिल्म का म्यूजिक कार्तिक ने दिया है, जबकि बैकग्राउंड स्कोर जय कृष्णा ने दिया है, जिन्होंने फिल्म के टीजर का म्यूजिक भी दिया है। फिल्म की सिनेमेटोग्राफी टैलेंटेड कैमरामैन रामपी नंदीगम ने की है, जबकि प्रोडक्शन डिजाइन गांधी नाडिकुडिकर ने संभाला है।
बांडी रत्ना ने इस फिल्म में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि एडिटिंग मधु कर रहे हैं। यह फिल्म 27 नवंबर को दुनिया भर में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि इस फिल्म को दर्शक कैसा रिसपॉन्स देते हैं।
--आईएएनएस
एनएस/डीकेपी

