Samachar Nama
×

सीईसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर भाजपा सांसद बोले- विपक्षी पार्टियां देश में फैलाना चाहती हैं दंगा

सीईसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर भाजपा सांसद बोले- विपक्षी पार्टियां देश में फैलाना चाहती हैं दंगा
सीईसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर भाजपा सांसद बोले- विपक्षी पार्टियां देश में फैलाना चाहती हैं दंगा

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए भाजपा सांसद भोला सिंह ने कहा, "कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां देश में अराजकता फैलाना चाहती हैं। वे लगातार किसी न किसी मुद्दे पर सरकार और चुनाव आयोग पर आरोप लगाती रहती हैं, लेकिन विकास के मामले में सरकार से चर्चा करने के लिए उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। अब उनका पूरा ध्यान इस बात पर है कि इस मुद्दे को लेकर कैसे भ्रम पैदा किया जाए। अगर उन्हें लगता है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए, तो उन्हें कांग्रेस-शासित राज्यों में अपनी सरकारें भंग कर देनी चाहिए और फिर से चुनाव कराने चाहिए। क्योंकि अगर निष्पक्षता नहीं थी, तो वहां भी निष्पक्षता नहीं रही होगी, क्या राहुल गांधी निष्पक्ष तरीके से चुनाव नहीं जीते? अगर उन्हें शक है कि चुनाव निष्पक्ष नहीं थे या वोटों में हेरफेर हुई थी, तो राहुल गांधी को एक बार इस्तीफा दे देना चाहिए।"

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता मनोज झा ने कहा, "आज गांधी जयंती है, सरकार को आईना देखने का वक्त है कि गांधी जयंती के दिन गांधी से कितना दूर गोडसे के रास्ते पर देश को ले जाया जा रहा है। आज बापू होते तो उन्हें शर्म आ रही होती कि किन लोगों के हाथों में सत्ता है। आपका डर इस बात को दिखाता है कि गांधी जयंती के दिन सारे रास्ते बंद कर दिए गए। यह कुर्सी जाने का संकेत है।"

जेएमएम सांसद महुआ माजी ने कहा, "एसआईआर को लेकर जिस तरह से इस देश में तमाशा हो रहा है, लाखों-करोड़ों लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। ऐसे में जनता और छात्र क्या करेंगे, वे मजबूरी में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र सरकार को उनकी बात मान लेनी चाहिए और ऐसे भ्रष्ट अधिकारी को हटाना चाहिए। इससे सरकार की बदनामी हो रही है और देश को परेशानी हो रही है। यही वजह है कि जेन-जी और राजनीतिक दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।"

कांग्रेस सांसद जय प्रकाश ने कहा, "ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। ज्ञानेश कुमार देश के लोकतंत्र में एक बहुत ऊंचे पद पर हैं। वह पूरे लोकतंत्र के संरक्षक थे। फिर भी, देखिए कि देश के कई राज्यों में क्या हुआ? चाहे वह हरियाणा हो, महाराष्ट्र, बिहार या पश्चिम बंगाल।"

सीपीआई सांसद पी. संतोष ने कहा, "यह काफी सफल रहा है क्योंकि दिल्ली की हर गली और हर कोने में, आप जानते हैं, जंतर-मंतर जैसा माहौल बन गया है। सिर्फ एक जंतर-मंतर नहीं, आप जहां भी जाएं, आपको जंतर-मंतर जैसा नजारा दिखेगा। यही इस विरोध मार्च का असर है। और हर जगह, आप जानते हैं, पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश कर रही है, लेकिन यह विरोध और तेज़ होता जा रहा है। ज्ञानेश कुमार और उनके साथियों को यह सच्चाई समझनी चाहिए। और इस्तीफे के बिना, आप जानते हैं, कोई समाधान नहीं निकलेगा। आने वाले दिनों में यह विरोध इसी तरह जोर-शोर से जारी रहेगा।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story