सीबीआई रेड पर भड़के भगवंत मान, बोले- भाजपा ने शुरू कर दी चुनाव की तैयारी
चंडीगढ़, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को अपने कैंप ऑफिस पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कथित रेड को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पंजाब में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तथा सीबीआई का इस्तेमाल पंजाब सरकार और उन्हें बदनाम करने के लिए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा पंजाब में उन्हें और उनकी सरकार को निशाना बनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने लिखा, “भाजपा ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। सीबीआई ने मेरे कैंप ऑफिस पर रेड मारी।”
मान ने आरोप लगाया कि आने वाले समय में पंजाब में ईडी और सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि पंजाब सरकार और उन्हें बदनाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों से मिल रहे प्यार को देखकर भाजपा घबरा गई है।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पंजाब सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजवीर घुमन और अन्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पंजाब के गृह विभाग के जरिए राज्य सरकार ने विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दाखिल की है। यह याचिका डायरी नंबर 62464/2026 के तहत दर्ज की गई है और फिलहाल लंबित है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने एक दिन पहले ईडी की ओर से पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को भेजे गए तीन पत्रों से जुड़े मामले को सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट ने सीबीआई को मामले में केस दर्ज करने और दो महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का भी निर्देश दिया था।
ईडी ने अपने पत्रों में आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर घुमन और उनके सहयोगी नितिन गोहल तथा बीर देविंदर प्रशासनिक तबादलों और पोस्टिंग के साथ-साथ सरकारी टेंडरों में कथित तौर पर हस्तक्षेप कर रहे थे। एजेंसी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
ईडी की ओर से भेजे गए पत्रों के आधार पर पंजाब पुलिस द्वारा मामला दर्ज नहीं किए जाने के बाद अधिवक्ता निखिल सराफ ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर सीबीआई जांच की मांग की थी। याचिका में आरोपों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच तथा कथित मनी ट्रेल की भी जांच की मांग की गई थी।
हाईकोर्ट ने सीबीआई को जांच के दौरान पंजाब सरकार और पुलिस से पूरा सहयोग लेने का निर्देश दिया है। साथ ही राज्य सरकार और पुलिस को जांच एजेंसी को सभी जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इस बीच, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए मान सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति का दावा करने वाली सरकार के सामने अब उसकी वास्तविकता उजागर हो गई है।
ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा था कि सरकार ने सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि ईडी के तीन पत्रों के बावजूद पंजाब पुलिस ने एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की।
उन्होंने सीबीआई से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की उम्मीद जताते हुए पंजाब सरकार और पुलिस से जांच में पूरा सहयोग करने की मांग की थी।
--आईएएनएस
डीएससी

