सीबीआई रेड को लेकर 'आप' का भाजपा पर निशाना, बरिंदर गोयल बोले- पंजाब के लोग डरने वाले नहीं
चंडीगढ़, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कैंप ऑफिस में सीबीआई की छापेमारी को लेकर पंजाब सरकार और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कार्रवाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जहां भी चुनाव होने वाले होते हैं, वहां भाजपा चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर राजनीतिक माहौल तैयार करने की कोशिश करती है।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपना पुराना इतिहास दोहरा रही है। चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों और सीबीआई को भेजने का उद्देश्य राजनीतिक रूप से जमीन तैयार करना होता है। पंजाब में भाजपा की स्थिति ऐसी है कि उसे न तो पर्याप्त उम्मीदवार मिल रहे हैं और न ही जनता का समर्थन हासिल हो रहा है। पंजाब के लोग भाजपा के काम और नीतियों को अच्छी तरह जानते हैं। भाजपा ने पंजाब, पंजाब के लोगों और किसानों के हितों के खिलाफ काम किया है। इन्हीं वजहों से पंजाब की जनता भाजपा की राजनीति को स्वीकार नहीं कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में 95 विधायक मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस में सीबीआई की छापेमारी को लेकर उन्होंने सवाल उठाया कि इस कार्रवाई के जरिए लोगों को क्या संदेश देने की कोशिश की जा रही है। गोयल ने कहा कि पंजाब के लोग डरने वाले नहीं हैं और न ही वे इस तरह की कार्रवाई से प्रभावित होकर भाजपा के पक्ष में आने वाले हैं। पंजाब की जनता हर राजनीतिक घटनाक्रम को समझ रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बंगाल और बिहार में चुनावों के दौरान वोटों को लेकर उठे मुद्दों का जिक्र करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने लोकतंत्र से जुड़े मामलों में उचित भूमिका नहीं निभाई। दुनिया में भारत की पहचान एक लोकतांत्रिक देश के रूप में रही है, लेकिन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली ने देश की छवि को नुकसान पहुंचाया है। अगर चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है तो पंजाब के मुख्यमंत्री से जुड़े कार्यालय में सीबीआई की कार्रवाई क्यों की जा रही है। इस पूरे मामले का जवाब पंजाब की जनता चुनाव के दौरान देगी।
कैबिनेट मंत्री ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसे राजनीति करनी है तो राजनीतिक तरीके से करे और जनता के बीच जाकर अपने काम का हिसाब दे। भाजपा पहले भी केंद्र और पंजाब में सरकारों का हिस्सा रही है, इसलिए उसे जनता को बताना चाहिए कि उसने अपने कार्यकाल में क्या किया और आगे सत्ता में आने पर क्या करने की योजना है। भाजपा के पास बताने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में किए गए कार्यों के सामने विपक्ष बौखलाहट में इस तरह की कार्रवाई और बयानबाजी कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने ऐसे काम किए हैं, जिन्हें पिछले 50 वर्षों में कोई सरकार नहीं कर सकी। मौजूदा घटनाक्रम इसी राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम है।
--आईएएनएस
पीएसके

