सीबीआई ने उजागर किया बिल्डर-बैंक गठजोड़, होमबॉयर्स फ्रॉड केस में 8वीं चार्जशीट दाखिल
नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने घर खरीदार से जुड़े बड़े धोखाधड़ी मामले में बिल्डर-बैंक गठजोड़ का खुलासा किया। इस मामले में सीबीआई ने एम/एस लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों और आईसीआईसीआई बैंक व एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों के खिलाफ आठवीं चार्जशीट दाखिल की है।
यह मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ा है, जिसमें आरोप है कि वित्तीय संस्थानों और आम घर खरीदारों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
सीबीआई जांच में सामने आया है कि बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने कथित रूप से अन्य लोगों और सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर साजिश रची। उन्होंने घर खरीदारों और निवेशकों को झूठे वादों और भ्रामक जानकारी देकर निवेश के लिए प्रेरित किया और अवैध तरीकों से आर्थिक लाभ प्राप्त किया।
जांच में यह भी पाया गया कि कुछ अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिल्डर की अवैध गतिविधियों को नियमों के खिलाफ जाकर बढ़ावा दिया। इससे बिल्डर को अनुचित लाभ मिला और बैंक तथा घर खरीदारों को नुकसान हुआ।
सीबीआई ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है। इसमें आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार जैसे आरोप शामिल हैं।
जांच एजेंसी ने बताया कि इस मामले में बड़े पैमाने पर दस्तावेजी और मौखिक सबूत मिले हैं, जो एक व्यापक साजिश, धन के दुरुपयोग और होमबायर्स के साथ धोखाधड़ी की ओर इशारा करते हैं।
सीबीआई इस समय देशभर में लगभग 50 मामलों की जांच कर रही है, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत दर्ज किए गए हैं। ये मामले विभिन्न बिल्डरों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों से जुड़े हैं, जिन पर होमबायर्स के साथ धोखाधड़ी और फंड डायवर्जन के आरोप हैं।
इससे पहले भी सीबीआई ने इसी तरह के मामलों में कई बिल्डरों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

