Samachar Nama
×

सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक और क्रेडिट अधिकारी को रिश्वतखोरी मामले में किया गिरफ्तार

सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक और क्रेडिट अधिकारी को रिश्वतखोरी मामले में किया गिरफ्तार
सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक और क्रेडिट अधिकारी को रिश्वतखोरी मामले में किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में मंगलवार को बैंक ऑफ बड़ौदा, कोइरीपुर शाखा, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) के शाखा प्रबंधक और क्रेडिट अधिकारी को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने 13 जुलाई को आरोपियों के विरुद्ध शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 5 लाख रुपये का लोन स्वीकृत किया गया था। उसका सावधि लोन (टीएल) तो उसके खाते में ट्रांसफर कर दिया था, लेकिन ओवरड्राफ्ट (ओडी) अभी तक भेजा नहीं गया था। यह भी आरोप लगाया गया कि शाखा प्रबंधक और क्रेडिट अधिकारी ने शिकायतकर्ता से स्वीकृत लोन में ओवरड्राफ्ट सुविधा को और अधिक भुगतान करने के लिए रिश्वत के रूप में 45,000 रुपये रिश्वत मांगी।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंगलवार को जाल बिछाकर आरोपी क्रेडिट ऑफिसर को शिकायतकर्ता से 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। यह रिश्वत आरोपी ब्रांच मैनेजर की मिलीभगत से ली जा रही थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें लखनऊ स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इसके पहले सीबीआई रिश्वत के एक मामले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) शिलांग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और दो प्राइवेट व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने यह गिरफ्तारी एक शिकायत के आधार पर की, जहां एनएचएआई, शिलांग के आरोपी सरकारी अधिकारी, एक प्राइवेट व्यक्ति और अन्य लोगों के खिलाफ 1 जुलाई को यह मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत में यह आरोप था कि एनएचएआई के आरोपी प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने शिकायतकर्ता से 13.38 करोड़ रुपए के बकाया बिल को प्रोसेस करने के लिए 12 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। आरोपी सरकारी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम का एक हिस्सा यानी 4 लाख रुपये एडवांस में देने के लिए कहा था।

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story

Tags