सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और इन्वेस्टिगेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के एक मैनेजर और एक इन्वेस्टिगेटर को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 अप्रैल को दर्ज एक शिकायत के आधार पर की गई।
सीबीआई के अनुसार, आरोपी इन्वेस्टिगेटर, जो नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के दिल्ली रीजनल ऑफिस से जुड़ा था, ने हरियाणा के मानेसर स्थित एक निजी अस्पताल की कैशलेस मेडिकल सुविधा को दोबारा शुरू करने के एवज में शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पहले ही 1 लाख रुपए रिश्वत के तौर पर ले चुका था। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 3 लाख से घटाकर 2.60 लाख रुपए तय की गई। आरोपी ने शेष 1.60 लाख रुपए 7 अप्रैल 2026 को देने के लिए शिकायतकर्ता को निर्देशित किया था।
सीबीआई ने इस सूचना के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी इन्वेस्टिगेटर को 1.60 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आगे की ट्रैप कार्रवाई के दौरान नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के एक मैनेजर की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
सीबीआई ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एजेंसी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनसे कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो वे तुरंत इसकी सूचना दें। शिकायत दर्ज कराने के लिए नागरिक सीबीआई के एंटी करप्शन ब्रांच, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 011-24367887 एवं मोबाइल नंबर 9650394847 पर जानकारी साझा कर सकते हैं।
--आईएएनएस
पीएसके

