Samachar Nama
×

सीबीआई की कार्रवाई, 15 लाख की रिश्वत लेते हुए आयकर निरीक्षक गिरफ्तार

सीबीआई की कार्रवाई, 15 लाख की रिश्वत लेते हुए आयकर निरीक्षक गिरफ्तार
सीबीआई की कार्रवाई, 15 लाख की रिश्वत लेते हुए आयकर निरीक्षक गिरफ्तार

मुंबई, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लाख की रिश्वत लेते हुए आयकर निरीक्षक को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, सीबीआई ने मुंबई के सिंधिया हाउस स्थित आयकर कार्यालय के 'जांच विंग' में तैनात एक आयकर निरीक्षक को रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने यह कार्रवाई मुंबई के एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की। मिली शिकायत के आधार पर मंगलवार को उक्त आयकर निरीक्षक और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोप है कि आरोपी आयकर निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से 20 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।

यह रिश्वत आयकर विभाग की 'बेनामी निषेध इकाई' के पास लंबित, शिकायतकर्ता की 'बेनामी संपत्ति' से जुड़े मामले को बंद कराने के एवज में मांगी गई थी। बातचीत के बाद, आरोपी 15 लाख रुपए की रिश्वत लेने के लिए सहमत हो गया।

इसे लेकर सीबीआई ने मंगलवार को एक जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 15 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के ठिकानों पर तलाशी ली गई, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और 11 लाख रुपए नकद बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को मुंबई की संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 30 अक्टूबर तक यानी दो दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, सीबीआई की ओर से मामले से संबंधित आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई की ओर से की गई कार्रवाई का एक दूसरा मामला बुधवार को नई दिल्ली से सामने आया, जहां अहमदाबाद की एक सीबीआई अदालत ने रिश्वत मामले में सतधारी लाल साहू को दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई और 20,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया।

सतधारी लाल साहू उस समय राजस्थान के जयपुर स्थित झालाना डूंगरी में 'नेशनल आर्काइव्स ऑफ इंडिया' के रिकॉर्ड सेंटर में आर्काइविस्ट (अभिलेखापाल) के पद पर तैनात थे। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 26 दिसंबर 2012 को एक मामला दर्ज किया। यह मामला तब दर्ज हुआ, जब एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि साहू ने सरकारी रिकॉर्ड की प्रतियां देने के बदले में उनसे अवैध रूप से पैसे की मांग की थी।

सीबीआई के अनुसार, साहू ने राजकोट के सर्वे से जुड़े पुराने सीआरओ रिकॉर्ड और ब्रिटिश काल के जमीनी रिकॉर्ड वाली एक फाइल की प्रतियां देने के लिए 15,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद, एजेंसी ने एक जाल बिछाया और साहू को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उसे 26 दिसंबर 2012 को गिरफ्तार कर लिया गया।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story

Tags