कार का हॉर्न बजाने पर युवक-युवतियों से मारपीट, कई संगठनों ने किया प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा, 17 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। मामला आम्रपाली लेजर वैली सोसायटी का बताया जा रहा है, जहां 14 फरवरी की रात कुछ दबंग युवकों ने एक कार सवार युवक और युवतियों के साथ बेरहमी से मारपीट की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी की रात कार सवार युवक ने कथित तौर पर हॉर्न बजाया, जिससे नाराज होकर कुछ युवकों ने गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले कार में तोड़फोड़ की और बेसबॉल के डंडों से वाहन के शीशे तोड़ दिए।
इसके बाद कार में सवार युवक और युवतियों को जबरन बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने युवक को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इतना ही नहीं, आरोप है कि युवतियों को भी कार से बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों का आक्रामक रवैया देखकर कई लोग पीछे हट गए। मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद विभिन्न सामाजिक और स्थानीय संगठनों ने थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में दबंगई की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस को कठोर कदम उठाने चाहिए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

