Samachar Nama
×

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम, विमानन विशेषज्ञों और नेताओं ने की सराहना

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम, विमानन विशेषज्ञों और नेताओं ने की सराहना
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम, विमानन विशेषज्ञों और नेताओं ने की सराहना

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और फ्लाई दुबई विमान में सवार यात्रियों की जान बचाने के लिए नेताओं और विमानन विशेषज्ञों ने सराहना की है। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर हुई बातचीत के संदर्भ में एविएशन एक्सपर्ट सुभाष गोयल ने उनकी हिम्मत और मानसिक मजबूती की प्रशंसा की।

एविएशन एक्सपर्ट सुभाष गोयल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हनुमान चालीसा ने यात्रियों की जान बचाने में मदद की। उन्होंने कहा कि हनुमान जी इंसान को ताकत देते हैं। इसे मानसिक शक्ति, आध्यात्मिक शक्ति या आस्था किसी भी रूप में देखा जा सकता है। इसी विश्वास ने चोटों के बावजूद स्मित मच्छार को लगातार संघर्ष करते रहने की हिम्मत दी।

कैप्टन स्मित मच्छार की भूमिका की सराहना करते हुए गोयल ने उन्हें वास्तविक जीवन का हीरो बताया। उन्होंने कहा कि फिल्मों में दिखाए जाने वाले हीरो काल्पनिक होते हैं, जबकि स्मित ने वास्तविक परिस्थितियों में असाधारण साहस का परिचय दिया।

उन्होंने विमान में मौजूद यात्रियों के योगदान का भी उल्लेख किया। गोयल के मुताबिक, कुछ यात्री इजरायली थे और इजराइल में लोगों को सैन्य प्रशिक्षण मिलने के कारण एक यात्री ने विमान को ऊपर की ओर धकेलने में मदद की, जिससे विमान को ऊंचाई और गति हासिल करने में सहायता मिली।

वहीं, आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के कैप्टन ने यात्रियों को सुरक्षित रखने के लिए जिस साहस का परिचय दिया, उससे पूरे देश का मान बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में पार्टी, सरकार या विपक्ष की राजनीति का कोई सवाल नहीं है और देश के करोड़ों भारतीयों को कैप्टन पर गर्व है।

मतदाता सूची के मुद्दे पर शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम छूट गए थे, उन्हें दोबारा जोड़ा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बिहार में मतदाताओं के नाम हटाए गए और अब उन्हें वापस जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद नाम जोड़े जाएंगे और चुनाव आने पर फिर हटाए जा सकते हैं।

आरजेडी प्रवक्ता ने विपक्षी दलों के आंदोलन को लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं पर कथित दबाव और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है।

यादव ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिनके बारे में उनका आरोप है कि वे भाजपा को वोट नहीं दे सकते।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story