Samachar Nama
×

नोएडा : केप टाउन सोसायटी में हाईवोल्टेज ड्रामा, मेंटेनेंस स्टाफ से मारपीट का वीडियो वायरल

नोएडा, 23 जून (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-74 स्थित केप टाउन सोसायटी में एक महिला द्वारा मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और उसके साथ मौजूद एक पुरुष मेंटेनेंस कार्यालय में हंगामा करते और कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं।

मामला थाना सेक्टर-113 पुलिस के संज्ञान में है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, घटना करीब एक दिन पुरानी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला सोसायटी के सीवी-7 टावर की निवासी है और अपने फ्लैट में डीजी (डीजल जनरेटर) कनेक्शन नहीं होने को लेकर नाराज थी। इसी बात को लेकर वह एक पुरुष साथी के साथ सोसायटी के मेंटेनेंस कार्यालय पहुंची, जहां विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने कार्यालय में पहुंचते ही कर्मचारियों से तीखी बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसके साथ मौजूद पुरुष ने मेंटेनेंस विभाग में तैनात एक युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद महिला ने कर्मचारी को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय तक हंगामा जारी रहा। घटना की पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

वायरल वीडियो में महिला को गुस्से में कर्मचारी पर हाथ उठाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की ओर से घटना की कड़ी आलोचना की जा रही है और सोसायटी में सुरक्षा एवं कर्मचारियों के सम्मान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। सोसायटी के कर्मचारियों का कहना है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए निर्धारित प्रक्रिया होती है, लेकिन इस तरह कार्यालय में घुसकर मारपीट करना और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करना पूरी तरह अनुचित है।

घटना के बाद मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारियों में रोष का माहौल है। उधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद थाना सेक्टर-113 पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों को संज्ञान में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और सभी पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

Share this story

Tags