कनाडा के व्यापार मंत्री 12 से 17 अक्टूबर तक भारत दौरे पर, 300 डेलीगेट्स रहेंगे साथ
ओटावा, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। कनाडा के इंटरनेशनल ट्रेड मिनिस्टर (व्यापार मंत्री) मनिंदर सिद्धू 12 से 17 अक्टूबर तक भारत के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ 300 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
कनाडाई सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान जारी कर जानकारी दी गई है। इसके अनुसार, "इंटरनेशनल ट्रेड मिनिस्टर माननीय मनिंदर सिद्धू ने घोषणा की कि वह भारत में 'टीम कनाडा ट्रेड मिशन' का नेतृत्व करेंगे। यह हाल के वर्षों में भारत में कनाडा का सबसे बड़ा कमर्शियल जुड़ाव होगा, जिसके तहत मुंबई और बेंगलुरु का दौरा किया जाएगा।"
आगे बताया गया है कि 12 से 17 अक्टूबर, 2026 तक वो भारत में होंगे और 300 प्रतिनिधियों के एक दल का नेतृत्व करेंगे। ये प्रतिनिधि कमर्शियल संबंध बढ़ाने और नई साझेदारी बनाने के लिए अधिकारियों, प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। यह 30 से अधिक वर्षों में कनाडा द्वारा भारत भेजा गया सबसे बड़ा ट्रेड डेलीगेशन है।
इस ट्रेड मिशन में कनाडा के एयरोस्पेस और स्पेस, क्लीन टेक्नोलॉजी और एनर्जी ट्रांजिशन, इंफॉर्मेशन और कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, लाइफ साइंसेज और एग्री-फूड सेक्टर की कंपनियां शामिल होंगी।
यह ट्रेड मिशन भारत के साथ कनाडा के व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की मिनिस्टर सिद्धू की कोशिशों को आगे बढ़ाएगा। इन कोशिशों में साल के अंत तक एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को अंतिम रूप देने के प्रयास भी शामिल हैं।
इसमें मंत्री सिद्धू की टिप्पणी भी शामिल की गई है। मंत्री ने कहा, "लगभग 300 कनाडाई बिजनेस प्रतिनिधि 'टीम कनाडा ट्रेड मिशन' में शामिल हो रहे हैं, जिसका नेतृत्व मैं अगले सप्ताह भारत में करूंगा। इसका मकसद दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक में हमारे व्यवसायों और श्रमिकों के लिए नए अवसर पैदा करना है। एयरोस्पेस, एग्री-फूड और क्लीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में कनाडाई विशेषज्ञता को भारत की बढ़ती मांग के साथ जोड़कर, हम अपने व्यापार में विविधता लाएंगे और नया निवेश आकर्षित करेंगे। इसी तरह हम 2030 तक भारत के साथ अपने व्यापार को दोगुने से भी अधिक करके 70 बिलियन डॉलर तक पहुंचाएंगे।"
--आईएएनएस
केआर/

