अमेरिका: कनाडा के ट्रेड डील ठुकराने को बेसेंट ने बताया गलत, याद आया जर्मन शेफर्ड!
वाशिंगटन, 6 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने ट्रेड डील तोड़ने पर कनाडा की निंदा की। एक मिसाल के जरिए खुद को बीस और ओटावा को उन्नीस बताने की कोशिश की। उन्होंने अमेरिका को जर्मन शेफर्ड और कनाडा को डैचशुंड बताया है। उनके मुताबिक कनाडा छोटा सा जर्मन नस्ल का कुत्ता है जो बड़े कुत्ते को परेशान कर रहा है।
उन्होंने ये बातें फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कही। बेसेंट ने दावा किया कि कनाडा के साथ ट्रेड वॉर का अमेरिका की कीमतों पर बहुत मामूली असर पड़ेगा। उन्होंने कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पर बेहतरीन व्यापार समझौते को ठुकराने का आरोप भी लगाया।
अमेरिका और कनाडा के बीच 19-21 अगस्त में हुए तीन दिन की ट्रेड बातचीत के बाद डील नहीं हो पाई थी। पीएम मार्क कार्नी का कहना था कि अमेरिका ने आखिरी समय पर डील की शर्तें बदल दी थी। वहीं अमेरिका ने कहा कि उन्होंने अच्छा ऑफर दिया था।
जब उनसे पूछा गया कि कि व्यापार को लेकर चल रहे मौजूदा गतिरोध का क्या नतीजा होगा, तो बेसेंट ने अपने उत्तरी पड़ोसी की तुलना एक "छोटे, भौंकने वाले कुत्ते" से की। बेसेंट ने कहा, "मेरे पास एक जर्मन शेफर्ड कुत्ता था और एक डैचशुंड था जो उसे खेल के मैदान में परेशान करता था; यह मामला मुझे उसी की याद दिलाता है।"
उन्होंने आगे कहा, "यह छोटा-सा, बहुत ज्यादा भौंकने वाला कुत्ता लगातार भौंकता रहता था और 110 पाउंड वजन वाला जर्मन शेफर्ड लंबे समय तक उस डैचशुंड को नजरअंदाज करता रहा, लेकिन फिर एक दिन उसका सब्र का बांध टूट गया।"
इसके बाद बेसेंट ने कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की आलोचना की कि उन्होंने "एक बेहतरीन ट्रेड डील ठुकरा दी"। उन्होंने इंटरव्यू में कहा, "उन्हें एक शानदार ट्रेड डील का मौका दिया गया था, लेकिन वे उसे नहीं चाहते थे।"
सेक्रेटरी ने कहा, "मैं चाहूंगा कि कोई मुझे अमेरिकी कीमतों पर कनाडाई टैरिफ के सांख्यिकीय महत्व के बारे में बताए। मैं इस पर बहस करने के लिए तैयार हूं।"
यह टिप्पणी हाल ही में बेसेंट और कार्नी के बीच चल रही जुबानी जंग के बीच आई है। बेसेंट ने पहले कार्नी पर आरोप लगाया था कि वह कनाडा की अर्थव्यवस्था के लिए सबसे अच्छे फैसले के बजाय अपनी राजनीतिक छवि की ज्यादा परवाह करते हैं।
--आईएएनएस
केआर/

