Samachar Nama
×

कैलिफोर्निया में रासायनिक रिसाव के बाद 40,000 लोगों को इलाका खाली करने का आदेश

कैलिफ़ोर्निया, 23 मई (आईएएनएस)। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार दक्षिणी कैलिफोर्निया में लगभग 40,000 निवासियों को निकासी के आदेश के तहत रखा गया क्योंकि एक एयरोस्पेस निर्माण संयंत्र में अत्यधिक वाष्पशील औद्योगिक रसायन से भरे टैंक में रिसाव होने से बड़े विस्फोट या जहरीले रिसाव की आशंका पैदा हो गई।

शुक्रवार (स्थानीय समय) को अधिकारियों ने बताया कि यह रिसाव गुरुवार दोपहर ऑरेंज काउंटी के गार्डन ग्रोव शहर स्थित एक संयंत्र में शुरू हुआ, जहां मिथाइल मेथाक्रिलेट से भरे एक अत्यधिक गर्म भंडारण टैंक से खतरनाक गैसें निकलने लगीं। मिथाइल मेथाक्रिलेट एक ज्वलनशील रसायन है, जिसका उपयोग ऐक्रेलिक प्लास्टिक बनाने में किया जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि जीकेएन एयरोस्पेस द्वारा संचालित इस संयंत्र में कुल तीन भंडारण टैंक हैं, जिनमें से एक का कूलिंग सिस्टम फेल हो गया। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इसी वजह से स्थिति गंभीर हो गई।

दिन में बाद में ऑरेंज काउंटी फायर अथारिटी ने एक्स पर एयरोस्पेस में मौजूद 34,000 गैलन मिथाइल मेथाक्रिलेट वाले अस्थिर टैंक के बारे में एक महत्वपूर्ण वीडियो अपडेट साझा किया।

अधिकारियों ने दो संभावित खतरों का उल्लेख किया: पहला, 6,000 से 7,000 गैलन ज्वलनशील और विषैले रसायन का आसपास के क्षेत्र में फैल जाना; दूसरा, अत्यधिक गर्मी के कारण विस्फोट होना, जिससे पास के अन्य टैंक भी प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, ब्रीफिंग के समय किसी सक्रिय जहरीले धुएं की पुष्टि नहीं हुई थी।

आपातकालीन दलों को शुरुआत में लगा था कि रातभर में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है लेकिन शुक्रवार को हालात और बिगड़ने पर अधिकारियों को निकासी आदेशों का दायरा बढ़ाना पड़ा। इसके चलते कई शहरों में स्कूल बंद करने पड़े और आपातकालीन सेवाएं सक्रिय करनी पड़ीं।

गार्डन ग्रोव और आसपास के इलाकों के निवासियों को निकासी निर्देशों का सामना करना पड़ा, क्योंकि आपातकालीन दलों ने चेतावनी दी कि क्षतिग्रस्त टैंक फट सकता है और हजारों गैलन रसायन फैल सकते हैं या विस्फोट हो सकता है।

ऑरेंज काउंटी फायर अथॉरिटी के प्रमुख क्रेग कोवे ने एक सार्वजनिक ब्रीफिंग में कहा, “यह टैंक निश्चित रूप से फेल होगा, लेकिन हमें नहीं पता कि कब।” अब तक किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं मिली है।

--आईएएनएस

पीएम

Share this story

Tags