कैलिफोर्निया को डरा रही ‘केल्विन वेव’, समुद्र का जलस्तर एक फुट तक बढ़ने की आशंका
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया तट पर केल्विन वेव ने परेशानी बढ़ा दी है। वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रशांत महासागर में बढ़ रही ‘केल्विन वेव’ आने वाले दिनों में कैलिफोर्निया के तट तक पहुंच सकती है और समुद्र के जलस्तर को अस्थायी रूप से एक फुट (करीब 30 सेंटीमीटर) तक बढ़ा सकती है। इसका असर कई महीनों तक रह सकता है।
यह सामान्य समुद्री लहर नहीं है। केल्विन वेव हजारों किलोमीटर के पैमाने पर बनने वाली धीमी गति से आगे बढ़ने वाली समुद्री घटना है। मजबूत अल नीनो के दौरान जब सामान्य व्यापारिक हवाएं कमजोर पड़ती हैं या अपनी दिशा बदलती हैं, तो पश्चिमी प्रशांत में जमा गर्म पानी पूर्व की ओर खिसकने लगता है। यही पानी धीरे-धीरे दक्षिण और उत्तरी अमेरिका के तटों की ओर पहुंचता है।
नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि सर्दियों में इसके बहुत तेज होने की संभावना है (90% तक अनुमान है)। हालात 1982-82 की तरह रहने वाले हैं। तब पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में ऐतिहासिक "सुपर" अल नीनो पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में केंद्रित रहा था, जिसके कारण पूरे राज्य में सामान्य से 47% से 74% ज्यादा बारिश हुई थी और तूफान, बाढ़ और बड़े पैमाने पर भूस्खलन जैसी स्थितियां पैदा हुई थीं।
वैज्ञानिकों के अनुसार, ऐसी ही एक लहर अगस्त के अंत में दक्षिण अमेरिका के उत्तरी हिस्से तक पहुंची थी और अब अमेरिका के पश्चिमी तट की ओर बढ़ रही है। इसके कैलिफोर्निया पहुंचने में कुछ ही दिन लग सकते हैं। वहां पहुंचने के बाद यह समुद्र का स्तर बढ़ा सकती है और अल नीनो के बने रहने तक इसका प्रभाव सर्दियों और अगले साल की शुरुआत तक जारी रह सकता है।
समस्या इसलिए ज्यादा गंभीर हो सकती है क्योंकि कैलिफोर्निया पहले से ही समुद्र के बढ़ते स्तर और तटीय इलाकों में बाढ़ के जोखिम का सामना कर रहा है। पिछले करीब एक सदी में समुद्र का स्तर लगभग 8 इंच बढ़ चुका है। ऐसे में केल्विन वेव से होने वाली अतिरिक्त वृद्धि समुद्र के पानी को तटीय इलाकों के और करीब ला सकती है।
इस साल का अल नीनो भी असाधारण रूप से मजबूत बताया जा रहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार इसके कारण अधिक शक्तिशाली तूफान, समुद्री तूफानी लहरें, तटीय बाढ़ और कटाव का खतरा बढ़ सकता है। खासकर तब स्थिति और गंभीर हो सकती है जब तूफान का समय ऊंचे ज्वार के साथ मेल खाए।
कैलिफोर्निया सरकार ने संभावित खतरे को देखते हुए पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य में आपातकाल घोषित किया गया है और सड़कों तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की तैयारी के साथ नेशनल गार्ड को जरूरत पड़ने पर बचाव एवं राहत कार्यों के लिए तैयार रखा गया है। यही वजह है कि केल्विन वेव की आहट पाकर पिछले हफ्ते ही गवर्नर गेविन न्यूसम ने कैलिफोर्निया में इमरजेंसी की घोषणा की थी ताकि भीषण तूफानों की तैयारी शुरू की जा सके।
तटीय आयोग ने भी लोगों से बाढ़ और कटाव की आशंका वाले स्थानों की पहले से जांच करने और जरूरी जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है।
--आईएएनएस
केआर/

