महिला आरक्षण और परिसीमन पर आज कैबिनेट बैठक: वीडियो में जाने लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने की तैयारी, कांग्रेस ने शाम को बुलाई रणनीति बैठक
संसद के आगामी सत्र से पहले केंद्र सरकार और विपक्ष ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर 1 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार इन विधेयकों के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना चाहती है। वहीं, विपक्ष ने सरकार की मंशा और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं।
लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने की तैयारी
प्रस्तावित विधेयकों के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 किया जा सकता है। सरकार का उद्देश्य महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना है। सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है।महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। इसके लिए संविधान में संशोधन से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस बोली- धोखे से बहुमत जुटा रही सरकार
इन प्रस्तावों को लेकर विपक्षी दलों में सहमति बनाने की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार धोखे से बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने विधेयकों के प्रावधानों और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं।कांग्रेस ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। इसमें प्रस्तावित विधेयकों और संसद में पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी। कांग्रेस नेतृत्व यह तय करेगा कि इन मुद्दों पर सरकार को किस तरह घेरा जाए।
सुप्रिया सुले बोलीं- बिल देखने के बाद लेंगे फैसला
विपक्षी दलों ने फिलहाल विधेयकों पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने समर्थन के सवाल पर कहा कि पहले बिल देखेंगे, उसके बाद ही फैसला लिया जाएगा।वहीं, तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK ने भी कहा है कि पार्टी के भीतर चर्चा करने के बाद ही इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करेगी। इससे साफ है कि प्रस्तावित विधेयकों को लेकर विपक्षी दलों के बीच अभी सहमति बनना बाकी है।
कर्नाटक के मंत्री ने BJP की मंशा पर उठाए सवाल
कर्नाटक सरकार में मंत्री सतीश जारकीहोली ने परिसीमन और महिला आरक्षण को एक साथ उठाए जाने पर भाजपा की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा परिसीमन के साथ महिला आरक्षण का मुद्दा बार-बार उठा रही है, जबकि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही मंजूर हो चुका है।उन्होंने सवाल किया कि जब महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है तो भाजपा इसके साथ परिसीमन का मुद्दा क्यों जोड़ रही है। इसके पीछे भाजपा की मंशा क्या है, यह स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। बैठक में प्रस्तावित विधेयकों को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है और सरकार इन्हें संसद में कब पेश करती है, इससे आगे की राजनीतिक रणनीति तय होगी। वहीं, विपक्षी दल भी विधेयकों का मसौदा देखने के बाद अपना रुख तय करने की तैयारी में हैं।

