बक्सर में छठ की तैयारियां तेज, डीएम ने स्टेशन से रामरेखा घाट तक का लिया जायजा
पटना, 11 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के बक्सर की डीएम साहिला ने बुधवार को बक्सर रेलवे स्टेशन से रामरेखा घाट तक छठ पूजा की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन पर छठ के गीत बजाए जाने के साथ ही साफ-सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान डीएम साहिला ने कहा कि छठ पूजा से संबंधित सभी चीजों की तैयारी देखने के लिए हम लोग यहां पर निकले हैं। हम रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और कुछ घाटों का भी निरीक्षण करेंगे। जगह-जगह पर नगर परिषद की क्या तैयारी है, उसका निरीक्षण हम लोग कर रहे हैं। कहां पर सफाई की ज्यादा जरूरत है और कहां-कहां मेंटेनेंस की आवश्यकता है, वो सब चीजें भी देखी जा रही हैं। इसी के साथ संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया जा रहा है कि छठ को लेकर अपनी तैयारियां पूरी करें।
उन्होंने बताया कि आने वाले यात्रियों के लिए हमने खास तौर पर रेलवे स्टेशन पर एक हेल्प डेस्क का प्रबंध करने के लिए कहा है। प्रशासन की टीम भी यहां पर रहेगी, ताकि किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। कुछ साज-सजावट का कार्य करने के लिए भी अथॉरिटीज को निर्देश दिया गया है। हम लोग कोशिश कर रहे हैं कि गुरुवार की सुबह से ये सारी चीजें शुरू हो जाएं। रामरेखा घाट विश्व प्रसिद्ध है और बहुत दूर से लोग यहां पर आते हैं। यहां उत्तरवाहिनी गंगा है, इसलिए यहां पर छठ करने के लिए काफी संख्या में लोग आते हैं। हम लोगों ने रामरेखा को मॉडल घाट बनाने का बीड़ा उठाया है। वहां पर हम लोग सभी प्रकार की सुविधाएं सुनिश्चित करवा रहे हैं। प्रवेश-निकास प्वाइंट, साफ-सफाई और साज-सजावट सारी छोटी-छोटी चीजों को ध्यान में रखते हुए कार्य किए जा रहे हैं।
डीएम ने बताया कि लोगों के लिए चेंजिंग रूम, वॉटर फैसिलिटी और सीसीटीवी कंट्रोल रूम, इन सभी चीजों का बारीकी से ध्यान रखा जा रहा है। हम लोग यही प्रयास कर रहे हैं कि रामरेखा एक मॉडल घाट की तरह सामने आए। हम लोग स्वागत गेट्स भी लगाने का काम कर रहे हैं। शहर की विभिन्न जगहों पर सजावट की जाएगी। खास तौर पर घाट के ऊपर सजावट की जाएगी। हमारे पुलिस पदाधिकारी यहां पर प्रतिनियुक्त रहेंगे ताकि किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो। रेलवे अथॉरिटीज के साथ हमने मीटिंग करके इनको भी पूरी तरह से अलर्ट किया है कि छठ को लेकर जो भीड़ उमड़ेगी, उसको लेकर लोग भी अलर्ट रहें। इसके अतिरिक्त, पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट मोड में हैं।
उन्होंने सभी को बक्सर के पूरे प्रशासन की तरफ से छठ की बधाई दी। उन्होंने आग्रह किया कि सुरक्षित रहें, घाटों पर जाएं, पूरी सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे। अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास के साथ छठ मनाएं।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

