Samachar Nama
×

बटलर की जगह फिलिप्स-बैंटन होंगे सही विकल्प? अभिनव मुकुंद ने गुजरात टाइटंस के मिडिल ऑर्डर को लेकर उठाए सवाल

बटलर की जगह फिलिप्स-बैंटन होंगे सही विकल्प? अभिनव मुकुंद ने गुजरात टाइटंस के मिडिल ऑर्डर को लेकर उठाए सवाल
बटलर की जगह फिलिप्स-बैंटन होंगे सही विकल्प? अभिनव मुकुंद ने गुजरात टाइटंस के मिडिल ऑर्डर को लेकर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले गुजरात टाइटंस (जीटी) के मिडिल-ऑर्डर कॉम्बिनेशन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जोस बटलर की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता की ओर इशारा करते हुए फ्रेंचाइजी से इस पर विचार करने के लिए कहा है कि क्या ग्लेन फिलिप्स या टॉम बैंटन उनकी जगह ले सकते हैं।

आईपीएल 2027 के रिटेंशन की समय-सीमा से पहले जब सभी फ्रेंचाइजी अपनी टीम के कॉम्बिनेशन पर काम कर रही हैं, तो मुकुंद का मानना है कि जीटी को कुछ अहम फैसले लेने होंगे, खासकर अगर बटलर टीम में शामिल नहीं हो पाते हैं। इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज बटलर की उपलब्धता पर अनिश्चितता के कारण फ्रेंचाइजी को अपने विदेशी खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन और मिडिल-ऑर्डर के खिलाड़ियों की भूमिका पर फिर से विचार करना पड़ सकता है। मुकुंद ने फिलिप्स और बैंटन को संभावित विकल्पों के रूप में बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि बटलर जैसे स्तर के खिलाड़ी की जगह किसी और को लाना एक बड़ा फैसला है, जिस पर बहुत सोच-समझकर विचार करना होगा।

मुकुंद ने 'जियोस्टार' से कहा, "आप अपने मिडिल-ऑर्डर के साथ क्या करने जा रहे हैं? पिछले साल यह आपके लिए एक बड़ी समस्या थी। आप ग्लेन फिलिप्स को नहीं खिला पाए क्योंकि जेसन होल्डर टीम में आए और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा राशिद खान तो टीम में पक्के हैं ही, और शायद रबाडा भी। अगर जोस बटलर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो क्या आप तीसरे नंबर पर फिलिप्स पर भरोसा करेंगे? क्योंकि ग्लेन फिलिप्स क्रिकेट के मैदान पर कुछ भी कर सकते हैं, और टॉम बैंटन विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं। इसी वजह से ये दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनके बारे में आपको सोचना होगा कि क्या टीम में उनके लिए जगह है। मगर क्या टॉम बैंटन, जोस बटलर की जगह लेने के लिए सबसे सही विकल्प हैं? इस पर आपको विचार करना होगा।"

मुकुंद ने खलील अहमद और नाथन एलिस को शामिल करके अपने पेस अटैक (तेज गेंदबाजी आक्रमण) को मजबूत करने के सनराइजर्स हैदराबाद के फैसले का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा, “एसआरएच साफ तौर पर अपनी पेस-बॉलिंग लाइनअप को मजबूत कर रही है। पिछले साल जयदेव उनादकट और हर्षल पटेल के अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बाद उन्होंने युवा भारतीय पेस-बॉलर्स पर भरोसा जताया था। ऐसे में नई गेंद के स्पेशलिस्ट खलील अहमद को शामिल करने का उनका फैसला समझ में आता है। इसके अलावा, पैट कमिंस की गैर-मौजूदगी में उनके बैकअप के तौर पर नाथन एलिस को टीम में लाया गया है। ऐसा लगता है कि इस डील से दोनों पक्षों को फायदा हुआ है।”

मुकुंद ने आगे कहा कि एसआरएच को ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रेविस हेड को रिटेन करने के बारे में फैसला लेना पड़ सकता है, क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर की वजह से उनकी उपलब्धता पर असर पड़ सकता है। उनका मानना है कि अगर यह बाएं हाथ का बल्लेबाज उपलब्ध नहीं रहता है, तो फ्रेंचाइजी प्लेयर ऑक्शन में किसी दूसरे विकल्प की तलाश कर सकती है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा, "हो सकता है कि ट्रेविस हेड अगले सीजन में उपलब्ध न हों, इसलिए पैट कमिंस और अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के मामले में जो बात लागू होती है, वही हेड पर भी लागू हो सकती है। मगर क्या आप ट्रेविस हेड को रिटेन करेंगे? मैं तो नहीं करूंगा, क्योंकि मुझे लगता है कि मेगा ऑक्शन में ऐसे कई और विकल्प मिल जाएंगे। इसी वजह से अगर वह इस सीजन के लिए उपलब्ध नहीं हैं, तो आप उन्हें रिलीज कर सकते हैं।"

इसके अलावा, टीम में किसी और बदलाव की जरूरत नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि अगर मिनी ऑक्शन में उन्हें खिलाड़ियों के लिए कोई अच्छी ट्रेड डील नहीं मिलती है, तो वे कोलकाता नाइट राइडर्स को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। अब जब आपके पास नटराजन हैं, तो क्या आप फिर भी हर्षल पटेल को रिटेन करेंगे? 5 मैचों में 111 के स्ट्राइक रेट और शून्य विकेट के साथ, 8 करोड़ की कीमत वाले हर्षल पटेल काफी महंगे साबित हुए हैं।"

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story