Samachar Nama
×

बस में नाबालिग से गैंग रेप की घटना जघन्य अपराध, आरोपियों को मिलेगी कड़ी सजा: लता गुप्ता

बस में नाबालिग से गैंग रेप की घटना जघन्य अपराध, आरोपियों को मिलेगी कड़ी सजा: लता गुप्ता
बस में नाबालिग से गैंग रेप की घटना जघन्य अपराध, आरोपियों को मिलेगी कड़ी सजा: लता गुप्ता

नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने 4 अगस्त की रात स्लीपर बस में 16 वर्षीय लड़की के साथ हुए कथित गैंग रेप की कड़ी निंदा की और आरोपियों के लिए त्वरित सुनवाई और शीघ्र सजा की मांग की।

लता गुप्ता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "बस में बच्ची से गैंग रेप बहुत ही जघन्य अपराध है। इस मामले में पुलिस ने बस ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आयोग की ओर से पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक में सुनवाई हो, इसके लिए आयोग अपनी बात रखेगा।"

लता गुप्ता ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि नैतिक मूल्यों का हनन हो रहा है। हम अधिकार की बात करते हैं लेकिन कर्तव्य भूल रहे हैं। इस प्रकार की घटना बेहद निंदनीय हैं। ऐसे आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सराकर ने फास्ट ट्रैक अदालत के साथ कई कदम उठाए हैं।"

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद बस रुक गई। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।

आरोप है कि बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पीड़िता को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए।

घबराई हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया।

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story