Samachar Nama
×

बुराड़ी की 100 फुटा सड़क का काम लटका, 'आप' विधायक ने भाजपा और पीडब्ल्यूडी को घेरा

बुराड़ी की 100 फुटा सड़क का काम लटका, 'आप' विधायक ने भाजपा और पीडब्ल्यूडी को घेरा
बुराड़ी की 100 फुटा सड़क का काम लटका, 'आप' विधायक ने भाजपा और पीडब्ल्यूडी को घेरा

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में बुराड़ी की 100 फुटा सड़क के निर्माण में हो रही देरी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) पर निशाना साधा है। आम आदमी पार्टी के नेता और बुराड़ी के विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया है कि भाजपा की बदले की राजनीति के कारण क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य लगातार लटकाया जा रहा है।

पहले सड़क निर्माण को लेकर विभागों के बीच जिम्मेदारी तय करने में छह से सात महीने बर्बाद किए गए और अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद फाइनेंशियल बिड खोलने की तारीख बार-बार आगे बढ़ाई जा रही है।

संजीव झा ने कहा कि वह सड़क निर्माण को लेकर कई बार अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं और उनके साथ कई बैठकें भी कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसका खामियाजा बुराड़ी की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार और पीडब्ल्यूडी को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में 100 फुटा सड़क का टेंडर अवार्ड नहीं किया गया तो वह स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर 100 फुटा सड़क के मुद्दे पर राजनीति कर रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में छह-सात महीने तक यही तय नहीं हो पाया कि सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी करेगा या जल बोर्ड। वह लगातार मांग कर रहे थे कि सड़क बनाने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को दी जाए। इस विभागीय असमंजस के कारण निर्माण प्रक्रिया में काफी देरी हुई। इसके बाद सड़क निर्माण के लिए टेंडर और डिजाइन तैयार कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।

उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण का शुरुआती टेंडर करीब 52 करोड़ रुपए का था। हालांकि, इतनी बड़ी राशि की फाइल मंत्री स्तर पर पहुंचने और स्वीकृति मिलने में अधिक समय लगने की आशंका थी। इसलिए उन्होंने सुझाव दिया कि टेंडर की राशि 48 करोड़ रुपए निर्धारित की जाए, ताकि फाइल सचिव स्तर से स्वीकृत हो सके और काम जल्द शुरू कराया जा सके।

संजीव झा ने भाजपा सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा पर भी सड़क निर्माण में देरी कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जैसे ही मंत्री को जानकारी मिली कि सड़क का टेंडर पास होने वाला है, वह 19 सितंबर को बुराड़ी पहुंचे और स्थानीय लोगों के सामने सड़क निर्माण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए। लेकिन उनके दौरे के बाद भी काम आगे नहीं बढ़ा।

विधायक के मुताबिक, विभागीय अधिकारी सात दिन की टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के लिए तैयार थे। यदि मंत्री का दौरा नहीं हुआ होता तो 20-21 सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो सकती थी और 30 सितंबर तक टेंडर अवार्ड भी हो जाता। लेकिन मंत्री के दौरे के कारण करीब 10 दिन की देरी हुई। इसके बाद 27-28 सितंबर को टेंडर फ्लोट किया गया। उन्होंने बताया कि नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया में अधिकतम 10 दिन लगने चाहिए थे, लेकिन पहले टेंडर खुलने की तारीख 14 अक्टूबर निर्धारित की गई। इसके बाद इसे बढ़ाकर 21 अक्टूबर कर दिया गया। इसके बावजूद 29 अक्टूबर तक फाइनेंशियल बिड नहीं खोली गई।

संजीव झा ने सवाल उठाया कि आखिर बार-बार तारीख बढ़ाने के पीछे क्या वजह है और बुराड़ी के लोगों को कब तक इंतजार करना पड़ेगा? संजीव झा ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए वह अधिकारियों से कई बार मुलाकात कर चुके हैं और तमाम पत्राचार भी कर चुके हैं। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी की ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। अब इंतजार की सीमा समाप्त हो चुकी है। भाजपा सरकार और विभाग को बुराड़ी की जनता के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के पास अब केवल सात दिन का समय है। यदि इस दौरान 100 फुटा सड़क का टेंडर अवार्ड नहीं किया गया तो स्थानीय जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि आंदोलन के दौरान विभागीय अधिकारियों को उनके कार्यालयों से बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा।

आप विधायक ने कहा कि बुराड़ी के लोग लंबे समय से सड़क की समस्या से परेशान हैं। भाजपा की राजनीतिक दुर्भावना और विभागीय लापरवाही के कारण विकास कार्यों को रोकना जनता के हितों के खिलाफ है।

उन्होंने दोहराया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। सरकार और पीडब्ल्यूडी को सात दिन के भीतर टेंडर अवार्ड कर सड़क निर्माण का रास्ता साफ करना होगा, अन्यथा जनता के साथ मिलकर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story