Samachar Nama
×

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो SPO के गोलियों से छलनी शव मिले, फुटेज में देंखे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुए थे लापता; दोनों के हथियार भी गायब

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो SPO के गोलियों से छलनी शव मिले, फुटेज में देंखे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुए थे लापता; दोनों के हथियार भी गायब

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। मारवाह इलाके के जंगलों में बुधवार शाम लापता हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव बरामद किए गए हैं। दोनों जवानों के शव गोलियों से छलनी हालत में मिले हैं। उनके पास मौजूद हथियार भी गायब बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक जवानों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों SPO सेना के जवानों के साथ इलाके में तलाशी अभियान के लिए गए थे। इसी दौरान वे लापता हो गए। जब दोनों जवानों से संपर्क नहीं हो पाया तो उनकी तलाश शुरू की गई। इस बीच जंगल की तरफ से गोली चलने की आवाजें भी सुनाई देने की जानकारी सामने आई थी।

जंगल में मिले दोनों जवानों के शव, हथियार गायब

मारवाह के जंगल में तलाशी के दौरान दोनों SPO के शव बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। उनके हथियार भी मौके से गायब थे। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि जवानों पर हमला किसने किया और उनके हथियार कहां गए।दोनों जवानों के लापता होने के दौरान इसी इलाके में एयरटेल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई थी। नेटवर्क बाधित होने के कारण संपर्क व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नेटवर्क सेवा बाधित होने और जवानों की मौत के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मारवाह में इसी साल शुरू हुई थी मोबाइल नेटवर्क सेवा

मारवाह इलाके में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता भी चर्चा में है। एयरटेल कंपनी ने इसी साल 10 मार्च को यहां पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। पहाड़ी और दूरदराज का इलाका होने के कारण यहां संचार व्यवस्था पहले से ही चुनौतीपूर्ण रही है।अब दोनों SPO के लापता होने के दौरान नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी सामने आने के बाद इस पहलू की भी जांच महत्वपूर्ण हो गई है। सुरक्षा एजेंसियां घटना के समय इलाके में संचार व्यवस्था की स्थिति और जवानों के संपर्क से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर सकती हैं।

इससे पहले भी किश्तवाड़ में लापता हुए थे SPO

किश्तवाड़ जिले में SPO के लापता होने और बाद में शव मिलने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद किश्तवाड़ के त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गए थे।अगले दिन यानी 16 अक्टूबर को उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा हुआ मिला था। इस मामले में पुलिस ने 19 अक्टूबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद किश्तवाड़ के संवेदनशील और दूरदराज के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल रशपाल कुमार और बाबी चंद की हत्या के मामले में जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल लोगों, गायब हथियारों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं।

Share this story

Tags