मुंबई में दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चला बुलडोजर: भिंडी बाजार की जर्जर इमारत को बीएमसी ने गिराया, फुटेज में जाने मस्जिद का हिस्सा सुरक्षित रहेगा
मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुराने पुश्तैनी घर को गुरुवार सुबह बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बुलडोजर से गिराने की कार्रवाई शुरू की। यह इमारत पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसफिखाना बिल्डिंग में है। बीएमसी के मुताबिक, इमारत काफी जर्जर हो चुकी थी और इसके दीवारों तथा छत के गिरने का खतरा बना हुआ था। इसी वजह से इसे गिराया जा रहा है। बीएमसी ने इस इमारत को सी-1 श्रेणी में रखा था। यह श्रेणी उन इमारतों के लिए निर्धारित होती है, जिन्हें बेहद खतरनाक और रहने के लिहाज से असुरक्षित माना जाता है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी संभावित हादसे को रोकना है।
स्थानीय विरोध के चलते भारी पुलिस बल तैनात
इमारत को गिराने की कार्रवाई गुरुवार सुबह शुरू की गई। स्थानीय लोगों के विरोध की आशं को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर से इमारत के जर्जर हिस्से को हटाने का काम किया गया।यह मकान एक मस्जिद का हिस्सा बताया जा रहा है। इसको लेकर बीएमसी ने स्पष्ट किया कि पूरी मस्जिद को नहीं गिराया जाएगा। केवल इमारत के उस हिस्से को हटाया जा रहा है, जिसे जर्जर और खतरनाक घोषित किया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है।
1993 मुंबई बम धमाकों के मामले में वांटेड है दाऊद
दाऊद इब्राहिम और उसका गिरोह 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में भारत में वांटेड हैं। धमाकों के बाद दाऊद भारत छोड़कर चला गया था। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, उसके पाकिस्तान में होने की बात कही जाती है।मुंबई के भिंडी बाजार स्थित यह इमारत दाऊद के परिवार के पुराने घर के रूप में पहचानी जाती है। इसी वजह से बीएमसी की कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा रही।
जाकिर नाइक के संगठन को चंदा देने का भी आरोप
दाऊद इब्राहिम को लेकर सूत्रों के हवाले से यह दावा भी किया गया है कि वह कट्टर इस्लामिक विचारधारा फैलाने वालों को आर्थिक मदद देता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन को बड़ा चंदा दिया था।इस संबंध में संगठन के मुख्य वित्तीय अधिकारी आमिर गजदर ने भी दाऊद की ओर से चंदा दिए जाने की बात की पुष्टि की थी। उनके मुताबिक, यह रकम एक मध्यस्थ सुल्तान अहमद के जरिए भेजी गई थी।प्रवर्तन निदेशालय को संदेह है कि आमिर गजदर ने जाकिर नाइक के गैर-सरकारी संगठन के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा जुटाया था। हालांकि, ये आरोप जांच और संबंधित दावों के दायरे में हैं।फिलहाल बीएमसी की कार्रवाई का केंद्र मुसफिखाना बिल्डिंग का जर्जर हिस्सा है। प्रशासन ने साफ किया है कि मस्जिद को पूरी तरह गिराने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

