बुलंदशहर में पत्नी की पिटाई के आरोप में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर एफआईआर
बुलंदशहर, 5 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पत्नी के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज के मामले में पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई उनकी पत्नी अर्चना पंडा की शिकायत के आधार पर की है।
मामले में मारपीट और गाली-गलौज से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामला दो सितंबर का बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, गुड्डू पंडित उनके आवास पर पहुंचे और दरवाजा खोलने में देरी को लेकर विवाद के बाद उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की।
अर्चना पंडा ने आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक ने उनके बाल पकड़कर मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने पुलिस को घटना की वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराने की बात कही है। इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है, जिसमें दोनों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।
शिकायत में अर्चना पंडा ने पूर्व विधायक, उनके परिवार और समर्थकों से खुद तथा अपने नौ वर्षीय बेटे की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है और कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मारपीट और गाली-गलौज से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस ने उपनिरीक्षक वीरेंद्र शर्मा को मामले की विवेचना सौंपी है। गुड्डू पंडित बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर दो बार विधायक रह चुके हैं।
--आईएएनएस
विकेटी/एएस

