बीएसएफ परिसर में बीडब्ल्यूडब्ल्यूए दिवस 2026, वीरांगनाओं और एवरेस्ट फतह करने वाली महिला टीम हुई सम्मानित
नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के निजामुद्दीन परिसर में गुरुवार को बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (बीडब्ल्यूडब्ल्यूए) दिवस 2026 धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बीडब्ल्यूडब्ल्यूए की अध्यक्ष ऋचा झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में लगभग 130 वीरांगनाओं और बीएसएफ के दिवंगत जवानों के परिवार के सदस्यों ने बीडब्ल्यूडब्ल्यूए सदस्यों के साथ भाग लिया। वीरांगनाओं की मौजूदगी ने पूरे कार्यक्रम को भावुक और गर्व से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी वीरांगनाओं और बीएसएफ जवानों के दो दिव्यांग बच्चों को उनके हौसले और हिम्मत के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, बीएसएफ महिला पर्वतारोहण टीम की सदस्यों को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए विशेष सम्मान दिया गया। इस टीम ने हाल ही में माउंट एवरेस्ट को फतह कर शिखर पर गर्व के साथ 'वंदे मातरम' गाया था।
इसके अलावा देश और बीएसएफ का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे बीएसएफ परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षणों में से एक बीडब्ल्यूडब्ल्यूए पत्रिका 'प्रहरी संगिनी' के 24वें संस्करण का विमोचन रहा। यह प्रकाशन बीडब्ल्यूडब्ल्यूए की कल्याणकारी गतिविधियों और बीएसएफ परिवार के सदस्यों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों को उजागर करता है।
मुख्य अतिथि ऋचा झा ने वीरांगनाओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की, उनकी चिंताओं को धैर्यपूर्वक सुना और शिकायतों के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के लिए सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया, जो बीडब्ल्यूडब्ल्यूए समुदाय की एकता और आत्मीयता का प्रतीक बना।
अपने संबोधन में ऋचा झा ने पिछले कुछ वर्षों में बीडब्ल्यूडब्ल्यूए के समर्पण और सहानुभूतिपूर्ण प्रयासों की सराहना की। उन्होंने वर्ष 2026 के लिए तय की गई थीम 'पावर ऑफ शी' और इस थीम पर आधारित गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले बीएसएफ के 'अमर प्रहरियों' के परिजनों तक पहुंचने की विशेष पहल और उनके कल्याण के लिए उठाए गए उपायों का भी जिक्र किया। उन्होंने बीएसएफ परिवारों, आश्रितों और दिव्यांग बच्चों के कल्याण के प्रति बीडब्ल्यूडब्ल्यूए की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।
यह कार्यक्रम एकता, कल्याण और संवेदना के भाव के साथ संपन्न हुआ, जिसने बीडब्ल्यूडब्ल्यूए के मूल मूल्यों को फिर से रेखांकित किया।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी

