Samachar Nama
×

बीएसई में तकनीकी गड़बड़ी से कारोबार प्रभावित, जेरोधा यूजर्स ने एफएंडओ कीमतें अपडेट न होने की जताई शिकायत

बीएसई में तकनीकी गड़बड़ी से कारोबार प्रभावित, जेरोधा यूजर्स ने एफएंडओ कीमतें अपडेट न होने की जताई शिकायत
बीएसई में तकनीकी गड़बड़ी से कारोबार प्रभावित, जेरोधा यूजर्स ने एफएंडओ कीमतें अपडेट न होने की जताई शिकायत

मुंबई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। गुरुवार को शेयर बाजार के कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण कुछ समय के लिए ट्रेडिंग गतिविधियां प्रभावित हो गईं। एक्सचेंज ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि सुबह 9:42 बजे कैश सेगमेंट के एक हिस्से और उससे जुड़े शेयरों में तकनीकी समस्या आई थी। हालांकि अन्य सभी सेगमेंट और पार्टिशन सामान्य रूप से काम करते रहे। बीएसई के अनुसार, तकनीकी टीम ने समस्या का समाधान कर लिया और सुबह 10:08 बजे से सामान्य परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।

इस घटना के बाद बाजार सहभागियों, खासकर डेरिवेटिव ट्रेडर्स के बीच चिंता देखी गई, क्योंकि कई यूजर्स ने कीमतों के अपडेट न होने और ऑर्डर निष्पादन में दिक्कतों की शिकायत की।

वहीं, इस बीच जेरोधा के ट्रेडर्स ने भी कीमतों के न अपडेट होने की शिकायत की, जिसके बाद देश की प्रमुख ब्रोकरेज कंपनियों में शामिल जेरोधा ने अपने ग्राहकों को सूचित किया कि बीएसई पर कुछ फ्यूचर्स एवं ऑप्शंस (एफएंडओ) कॉन्ट्रैक्ट्स में कीमतों के अपडेट और ऑर्डर प्लेसमेंट से जुड़ी समस्याएं सामने आई हैं। कंपनी ने बताया कि वह समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए एक्सचेंज के साथ लगातार संपर्क में है।

बाद में जेरोधा ने जानकारी दी कि समस्या का समाधान कर लिया गया है और दोपहर 1:03 बजे तक स्थिति सामान्य हो गई है। बावजूद इसके, कुछ ट्रेडर्स ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि तकनीकी समस्याएं बीच-बीच में जारी रहीं।

कई यूजर्स ने शिकायत की कि कीमतें लंबे समय तक अपडेट नहीं हो रही थीं, जिससे उन्हें ट्रेडिंग निर्णय लेने में कठिनाई हुई। कुछ ट्रेडर्स ने यह भी कहा कि उनके ऑर्डर न तो निष्पादित (एक्जीक्यूट) हो रहे थे और न ही समय पर रद्द (कैंसिल) हो रहे थे।

एक निवेशक ने सोशल मीडिया पर लिखा, "बीते 15 मिनट से कीमतें अपडेट नहीं हो रही थीं और ऐसे में संभावित नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा।" वहीं एक अन्य यूजर्स ने दावा किया कि समस्या दोबारा सामने आई और उसका ऑर्डर रद्द नहीं हो पाया। कुछ निवेशकों ने सेंसेक्स कॉल ऑप्शंस में भी कीमतों के स्थिर रहने और नए ऑर्डर प्लेस न कर पाने की शिकायत की।

यह तकनीकी समस्या ऐसे दिन सामने आई जब सेंसेक्स का साप्ताहिक एफएंडओ एक्सपायरी सेशन था। एक्सपायरी वाले दिन आमतौर पर बाजार में उतार-चढ़ाव और ट्रेडिंग वॉल्यूम अधिक रहता है। ऐसे में कीमतों के अपडेट और ऑर्डर निष्पादन में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा ट्रेडर्स के लिए चिंता का विषय बन जाती है।

एक्सपायरी के दिनों में तकनीकी स्थिरता बेहद महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि छोटे उतार-चढ़ाव भी निवेशकों की पोजीशन और मुनाफे पर बड़ा असर डाल सकते हैं।

तकनीकी व्यवधान के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को मिश्रित रुख के साथ कारोबार किया। शुरुआती कारोबार में जहां सेंसेक्स हल्की कमजोरी के साथ खुला, वहीं निफ्टी मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता दिखाई दिया।

बीएसई और ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म्स द्वारा समस्या को जल्दी सुलझा लिया गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर ट्रेडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की विश्वसनीयता और तकनीकी स्थिरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ऐसे समय में जब भारतीय बाजार में खुदरा निवेशकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और एफएंडओ कारोबार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags