Samachar Nama
×

बृजभूषण शरण सिंह को बरी करने से गलत संदेश गया है : हर्षवर्द्धन सपकाल

बृजभूषण शरण सिंह को बरी करने से गलत संदेश गया है : हर्षवर्द्धन सपकाल
बृजभूषण शरण सिंह को बरी करने से गलत संदेश गया है : हर्षवर्द्धन सपकाल

मुंबई, 3 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्द्धन सपकाल ने सोमवार को कई अहम मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को अदालत से मिली राहत, राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के प्रदर्शन, सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले, सिद्धिविनायक मंदिर में कथित चंदा चोरी के आरोपों और अभिजीत दीपके से जुड़े आरटीआई मामले पर भाजपा और केंद्र सरकार पर जुबानी हमला किया।

महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह को अदालत से बरी किए जाने के फैसले पर हर्षवर्द्धन सपकाल ने कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बाद बृजभूषण सिंह को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए थी। देश का नाम रोशन करने वाली महिला खिलाड़ियों ने गंभीर आरोप लगाए थे। उनके बयानों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए थी। कोर्च के इस फैसले से गलत संदेश जा रहा है और ऐसा प्रतीत होता है कि सत्ता से जुड़े लोगों के खिलाफ कानून समान रूप से लागू नहीं होता। जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कड़े शब्दों में इसकी निंदा की।

सपकाल ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान इस प्रकार का फैसला आने से खिलाड़ियों का मनोबल प्रभावित हो सकता है। देश के नागरिक होने के नाते वह उन महिला खिलाड़ियों से माफी मांगते हैं, जिन्होंने न्याय की उम्मीद के साथ अपनी आवाज उठाई थी। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में यदि सत्ता परिवर्तन होता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ऐसे मामलों में अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है।

पूर्व बॉक्सर विजेंद्र सिंह द्वारा राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के प्रदर्शन पर राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए जाने के संबंध में सपकाल ने कहा कि राहुल गांधी का खेलों से गहरा जुड़ाव रहा है और वह कई बार प्रतियोगिताएं देखने भी जाते हैं। राहुल गांधी को रेसलिंग, बॉक्सिंग सहित अन्य खेलों में विशेष रुचि है और भारत के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों पर पूरे देश और कांग्रेस पार्टी को गर्व है। कांग्रेस ने सभी विजेता खिलाड़ियों का स्वागत और सम्मान किया है।

सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले को लेकर पूछे गए सवाल पर हर्षवर्द्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि यह घटना राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश हो सकती है।

सिद्धिविनायक मंदिर में कथित चंदा चोरी के आरोपों पर सपकाल ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। पिछले कई महीनों से केवल बयानबाजी हो रही है, जबकि सरकार को तुरंत जांच कराकर सच्चाई सामने लानी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

वहीं, अभिजीत दीपके के खिलाफ दाखिल आरटीआई के सवाल पर भी महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी व्यक्ति भाजपा के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे ब्लैकमेल करने, धमकाने और उसके वित्तीय लेन-देन की जांच के जरिए दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से जुड़े लोगों के मामलों में सरकार का रवैया अलग रहता है और उन पर कार्रवाई नहीं होती।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story