दुल्हन को पसंद नहीं आएं डॉक्टर साहब, फेरों से पहले ब्यूटी पार्लर में बनवाया हार्ट अटैक का नकली वीडियो और हो गई फरार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक शादी समारोह के दौरान दिल का दौरा पड़ने से दुल्हन की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि दुल्हन ने अपनी सहेली के साथ मिलकर शादी तोड़ने के लिए यह ड्रामा किया है। लड़की खुद होम्योपैथी डॉक्टर है और उसकी शादी भी एक डॉक्टर से ही होने वाली थी। इसके लिए तीन महीने पहले सगाई भी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि दुल्हन को दूल्हा पसंद नहीं था। इसलिए उसने अपनी सहेली के साथ शादी के मंडप से भागने की योजना बनाई।
पुलिस ने दुल्हन और उसकी सहेली को झांसी से हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार दुल्हन और उसका परिवार मूल रूप से झांसी का रहने वाला है। वह शादी के लिए मंगलवार को मुजफ्फरनगर आए थे। यहां एक तरफ मैरिज गार्डन में शादी की तैयारियां चल रही थीं और दूसरी तरफ दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गई थी। जहां से थोड़ी देर बाद एक वीडियो आया, जिसमें देखा गया कि दुल्हन को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई।
यह वीडियो भी वायरल हुआ। सूचना पाकर परिजन ब्यूटी पार्लर पहुंचे तो पता चला कि दुल्हन अपनी सहेली सीमा के साथ फरार हो गई है। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस में दुल्हन के दोस्त के खिलाफ अपहरण की शिकायत भी दर्ज कराई है। इस शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और दुल्हन का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान भिंड मुरैना स्थित एक टोल पर लड़की का पता लगाने के बाद झांसी के आश्रम से दुल्हन को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने दुल्हन को हिरासत में लेने के बाद उससे आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान भी दर्ज कराया। मामले की जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लड़की खुद डॉक्टर है, लेकिन उसे अपना दूल्हा पसंद नहीं था। उनकी सगाई तीन महीने पहले हुई थी। उसी समय से लड़की भागने की कोशिश कर रही थी।