Samachar Nama
×

ब्रेट रैंडेल को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पहली बार न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया

ब्रेट रैंडेल को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पहली बार न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया
ब्रेट रैंडेल को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पहली बार न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया

वेलिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें वनडे के न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। उन्हें पहली बार कीवी टीम में मौका मिला है।

31 साल के दाएं हाथ के इस गेंदबाज के नाम 145 प्रोफेशनल मैच हैं, जिसमें न्यूजीलैंड ए के लिए पांच मैच शामिल हैं, और वह हाल ही में डर्बीशायर के साथ काउंटी चैंपियनशिप खेलकर लौटे हैं।

हेड कोच रॉब वाल्टर ने रैंडेल को उनके इंटरनेशनल सिलेक्शन पर बधाई दी।

वाल्टर ने कहा, "जब किसी खिलाड़ी को पहली बार इंटरनेशनल टीम में शामिल किया जाता है तो यह हमेशा एक खास समय होता है। हम ब्रेट के लिए बहुत खुश हैं। वह पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने यह मौका हासिल किया है।"

इस बीच, न्यूजीलैंड ने जोश क्लार्कसन को भी सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच के लिए वापस बुलाया है। क्लार्कसन ने छह वनडे मैचों में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया है। वह आखिरी बार इस साल अप्रैल में बांग्लादेश के खिलाफ नेशनल टीम के लिए खेले थे।

वाल्टर ने कहा, "पूरी सीरीज में कुछ बदलाव हुए हैं, इसलिए हम खुशकिस्मत हैं कि हम ब्रेट और जोश को ला पाए।"

इसके अलावा, मिच रेनविक और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच कोरी माइलीज चौथे और पांचवें वनडे मैच के लिए वाल्टर और मार्टिन गप्टिल के साथ जुड़ेंगे, जबकि न्यूजीलैंड के बॉलिंग कोच जैकब ओरम, बैटिंग कोच ल्यूक रोंची और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच क्रिस डोनाल्डसन टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वेलिंगटन चले गए हैं।

भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। सीरीज का तीसरा मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था। चौथा वनडे शुक्रवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में होना है। पांचवां वनडे इसी मैदान पर रविवार को खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड की अपडेटेड वनडे टीम

चौथा वनडे: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट, विल यंग।

पांचवां वनडे: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट, ब्लेयर टिकनर, विल यंग।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story