BREAKING:HPCL Refinery Blast: विशाखापट्टनम रिफाइनरी में जोरदार धमाका, टैंक में लगी आग; आसमान में उठीं ऊंची लपटें
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की ऑयल रिफाइनरी में सोमवार रात जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद रिफाइनरी परिसर में आग लग गई और आसमान में ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। आग से निकले घने धुएं ने आसपास के इलाके को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सल्फर पिच टैंक में लगी आग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग क्रूड प्रोसेसिंग यूनिट-3 के सल्फर पिच टैंक में लगी थी। विशाखापट्टनम के पुलिस कमिश्नर शंखब्रत बागची ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आग फिलहाल टैंक तक ही सीमित है और रिफाइनरी के अन्य हिस्सों को इससे कोई खतरा नहीं है।
हर साल 1.5 करोड़ मीट्रिक टन कच्चा तेल होता है प्रोसेस
विशाखापट्टनम की HPCL रिफाइनरी देश की प्रमुख तेल रिफाइनरियों में शामिल है। यहां हर साल करीब 1.5 करोड़ मीट्रिक टन कच्चे तेल का प्रसंस्करण किया जाता है। पिछले 25 वर्षों में रिफाइनरी की उत्पादन क्षमता दोगुनी हो चुकी है।

