Samachar Nama
×

BREAKING:Ayodhya Threat: अयोध्या के स्कूलों और मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी, काशी-मथुरा में भी अलर्ट

BREAKING:Ayodhya Threat: अयोध्या के स्कूलों और मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी, काशी-मथुरा में भी अलर्ट

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्कूलों और मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एक धमकी भरा ईमेल भेजकर 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच धमाकों की चेतावनी दी गई है। इसके बाद अयोध्या के साथ वाराणसी और मथुरा में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, यह ईमेल अयोध्या के ICSE बोर्ड से संबद्ध परमा एकेडमी स्कूल की आधिकारिक मेल आईडी पर भेजा गया था। स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके अलावा अंबेडकरनगर के रेडियंट कॉलेज और नवदीप कॉलेज को भी इसी तरह का धमकी भरा संदेश मिलने की बात सामने आई है।

दिलजीत दोसांझ के शो को भी धमकी

ईमेल में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। संदेश में कहा गया है कि उनके हर शो को बम और आईईडी धमाके से उड़ाया जा सकता है। धमकी कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजी गई है। इसमें कुछ लोगों के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं।

धमकी मिलने के बाद अयोध्या जिला न्यायालय की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। CJM पीयूष त्रिपाठी ने एसएसपी को पत्र लिखकर 8 से 27 नवंबर तक कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

अयोध्या में इससे पहले 13 और 16 फरवरी को भी कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। अब नए ईमेल में अयोध्या के अलावा काशी और मथुरा को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही धमकी में किए गए दावों की जांच की जा रही है। एजेंसियां मुंबई में अमिताभ बच्चन के घर और दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर पहले मिली धमकियों के पैटर्न की भी पड़ताल कर रही हैं।

Share this story

Tags