Samachar Nama
×

Breaking : बिहार में उफान पर नदियां तो उत्तराखंड में दरकीं पहाड़ियां; जानिए आपके राज्य में कैसा है मौसम का मिजाज

Breaking : बिहार में उफान पर नदियां तो उत्तराखंड में दरकीं पहाड़ियां; जानिए आपके राज्य में कैसा है मौसम का मिजाज

बिहार में गंगा समेत 8 नदियां उफान पर हैं। राज्य के 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे करीब 35.89 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। कोसी, गंडक और घाघरा नदियां कई जगहों पर लाल निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, सारण में माही नदी पर बना जमींदारी बांध टूटने के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं।

यूपी में स्कूल बंद, 23 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जाएंगे। मौसम विभाग ने आज वाराणसी और प्रयागराज समेत प्रदेश के 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पौड़ी में लैंडस्लाइड, घरों और दुकानों में आई दरारें

उत्तराखंड के पौड़ी में लैंडस्लाइड के कारण कई घरों और दुकानों में दरारें आ गई हैं। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है।

मध्य प्रदेश में मानसून ने लिया ब्रेक

मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर ब्रेक लिया है। मौसम विभाग, भोपाल के मुताबिक, 11 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। फिलहाल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है।

देशभर में बारिश और मौसम का हाल

भागलपुर में गंगा नदी में डूबी नाव, 10 लोगों का रेस्क्यू

बिहार के भागलपुर के राघोपुर में करीब 10 लोगों को लेकर जा रही नाव गंगा नदी में डूब गई। घटना के बाद SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नाव में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

धनबाद में जमीन धंसी, छह महिलाएं और दो बच्चे घायल

झारखंड के धनबाद के सिजुआ में मंगलवार को जमीन धंसने की घटना हुई। हादसे में करीब छह महिलाओं और दो बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

खगड़िया में बाढ़ के बीच खाने का इंतजाम

बिहार के खगड़िया में बाढ़ के कारण प्रभावित इलाकों में लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर लोग बाढ़ के पानी के बीच भोजन की व्यवस्था करते नजर आए।

चंपावत में पहाड़ी से गिरा बोल्डर, कार क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड के चंपावत में घाट-पनार मार्ग पर पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है।

मौसम से जुड़े लाइव अपडेट

10:42 AM | 9 सितंबर 2026
केदारनाथ में बर्फबारी के बाद मौसम साफ हो गया है। बुधवार सुबह मौसम साफ होने के बाद केदारनाथ की पहाड़ियों पर जमी बर्फ साफ दिखाई दी। इससे पहले बर्फबारी के बाद इलाके में धुंध छा गई थी।

10:30 AM | 9 सितंबर 2026
उत्तर प्रदेश के बहराइच में सरयू-घाघरा और शारदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे नदी किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

08:22 AM | 9 सितंबर 2026
पश्चिम बंगाल के मालदा में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से महानंदा टोला और आसपास के इलाकों में बाढ़ और कटाव की स्थिति बनी हुई है। इससे करीब 15 से 20 हजार लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।

08:06 AM | 9 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर हैं, लेकिन अगले 2-3 दिनों में मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 सितंबर से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

07:53 AM | 9 सितंबर 2026
पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून कमजोर पड़ गया है। आज पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

Share this story

Tags