Samachar Nama
×

Breaking: शी जिनपिंग का भारत दौरा फाइनल, ब्रिक्स समिट के साथ पीएम मोदी से द्विपक्षीय बातचीत की भी उम्मीद

Breaking: शी जिनपिंग का भारत दौरा फाइनल, ब्रिक्स समिट के साथ पीएम मोदी से द्विपक्षीय बातचीत की भी उम्मीद

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को भारत दौरे पर आएंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर जिनपिंग 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचेंगे।

भारत 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS समिट की मेजबानी कर रहा है। जिनपिंग का यह भारत दौरा करीब 7 साल बाद हो रहा है। इससे पहले वह अक्टूबर 2019 में मामल्लापुरम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर बैठक में शामिल हुए थे।

बताया जा रहा है कि दिल्ली में पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी। दोनों नेताओं की मुलाकात भारत-चीन संबंधों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। सीमा विवाद के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्खी को कम करने और संबंधों को स्थिर करने की कोशिशों के बीच यह बैठक हो रही है।

शी जिनपिंग इससे पहले 2014, 2016 और 2019 में भारत का दौरा कर चुके हैं। 2016 में उन्होंने गोवा में आयोजित BRICS सम्मेलन में हिस्सा लिया था।

BRICS समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। इस बैठक पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजरें टिकी हैं, खासकर पीएम मोदी और शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बातचीत को लेकर।

भारत 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। इस दौरान भारत का फोकस लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास को बढ़ावा देने पर है। BRICS में वर्तमान में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और UAE समेत 11 देश शामिल हैं।

BRICS के विस्तार के बाद संगठन का आर्थिक और रणनीतिक प्रभाव भी लगातार बढ़ा है। ऐसे में दिल्ली में होने वाला यह सम्मेलन भारत की कूटनीति और भारत-चीन संबंधों दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share this story

Tags