Samachar Nama
×

BREAKING : Ujjain में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
 

BREAKING : Ujjain में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले


मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार सुबह तनाव बढ़ गया. कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पथराव की घटना सामने आई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े.
जानकारी के मुताबिक, टंकी चौराहे पर 100 से ज्यादा लोग जमा हो गए थे. कुछ लोगों ने मस्जिद परिसर में जाने की कोशिश भी की. पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ युवकों की ओर से पथराव जारी रहा. महिलाओं को मौके से हटाने के दौरान क्राइम ब्रांच की थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.


900 मीटर सड़क को किया जा रहा चौड़ा
सिंहस्थ की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है. इसी सड़क चौड़ीकरण की जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा आ रहा है. प्रशासन की ओर से कार्रवाई के लिए तैयारी की गई है, जबकि मस्जिद के हिस्से को हटाने का विरोध किया जा रहा है.
मामला हाईकोर्ट में भी पहुंचा
शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर कानूनी विवाद भी चल रहा है. मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने सितंबर में मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिकाएं खारिज कर दी थीं. इसके बाद मामले को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. सोमवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई भी निर्धारित है.
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
 

Share this story

Tags