BREAKING: असम के गोलाघाट में दर्दनाक सड़क दुर्घटना: तेज रफ्तार बस और ट्रक की भिड़ंत के बाद मची अफरातफरी, कई लोगों के हताहत होने की आशंका
असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोलाघाट जिले के रोंगाजान इलाके में एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस और जिला प्रशासन ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है।
गोलाघाट जिले के जिला कमिश्नर बिस्वजीत फुकन ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि काजीरंगा के पास रोंगाजान में हुए इस हादसे में 23 लोगों की जान चली गई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
35 से ज्यादा यात्री बस में थे सवार
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के वक्त बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से जा रही एक ट्रैवलर गाड़ी ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने जताया दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने काजीरंगा हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि इस दुखद दुर्घटना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने घायलों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य सरकार की प्राथमिकता घायलों को बिना देरी के बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और मृतकों के परिजनों को इस कठिन समय में हिम्मत मिलने की कामना की है।

