BREAKING : सूरत पुलिस का बड़ा एक्शन: महात्मा गांधी पर अश्लील रील बनाने के आरोप में 10 लाख फॉलोअर्स वाली इंफ्लूएंसर अरेस्ट
सूरत में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक रील पोस्ट करना एक महिला को भारी पड़ गया। पुलिस ने महात्मा गांधी की तस्वीर वाले 500 रुपये के नोट को कथित तौर पर आपत्तिजनक तरीके से दिखाने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान सिमरन पटेल के रूप में हुई है। वह सूरत के अडाजण इलाके में रहती हैं और गृहिणी हैं।
1 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी रील
पुलिस के अनुसार, सिमरन ने 1 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे से शाम 6 बजे के बीच अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह रील पोस्ट की थी।इसके अगले दिन यानी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती थी। रील सामने आने के बाद एक नागरिक ने इसकी शिकायत पुलिस से की।साइबर क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि वीडियो में 500 रुपये के नोट पर महात्मा गांधी की तस्वीर को कथित तौर पर आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया था। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में अश्लील और अपमानजनक बातें भी कही गई थीं और आपत्तिजनक इशारे किए गए थे।
डिजिटल सबूतों से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम ब्रांच ने वायरल वीडियो और उससे जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू की।पुलिस ने डिजिटल और तकनीकी सबूतों के आधार पर वीडियो पोस्ट करने वाले अकाउंट की पड़ताल की। जांच के बाद पुलिस सिमरन पटेल तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने ‘पहले और बाद’ का वीडियो किया शेयर
सूरत पुलिस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर गिरफ्तारी से जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें पहले सिमरन को करेंसी नोट हाथ में लिए हुए दिखाया गया है, जबकि वीडियो के दूसरे हिस्से में वह पुलिस हिरासत में नजर आती हैं।वीडियो में सिमरन कथित तौर पर रील पोस्ट करने को लेकर माफी मांगती हुई भी दिखाई दे रही हैं।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और किस उद्देश्य से बनाया गया था, इसे सोशल मीडिया पर किस तरह फैलाया गया और इसे कितने लोगों तक पहुंचाया गया।
पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स को दी चेतावनी
इस मामले के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे बिना पुष्टि वाली जानकारी, अफवाह या आपत्तिजनक कंटेंट शेयर न करें।पुलिस ने खास तौर पर राष्ट्रीय नेताओं, धार्मिक प्रतीकों और सामाजिक रूप से संवेदनशील विषयों से जुड़ी अश्लील, अपमानजनक या आपत्तिजनक सामग्री बनाने और फैलाने से बचने की चेतावनी दी है।पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री पोस्ट या शेयर करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। अगर किसी यूजर को ऐसी आपत्तिजनक रील या पोस्ट दिखाई देती है, तो उसे आगे शेयर करने के बजाय संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देनी चाहिए।

