Samachar Nama
×

BREAKING : रेलवे का बड़ा फैसला: रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे ट्रेन के चार्जिंग पॉइंट, जानें क्या है वजह

BREAKING : रेलवे का बड़ा फैसला: रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे ट्रेन के चार्जिंग पॉइंट, जानें क्या है वजह

रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। ट्रेनों में मोबाइल और पावर बैंक चार्ज करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ने सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन के सभी कोचों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। नियमों की अनदेखी न हो, इसके लिए अधिकारियों और सुपरवाइजरों को औचक निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया है।

पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे सख्त

रेलवे बोर्ड के अनुसार, दक्षिण पूर्व रेलवे में हाल ही में एक घटना सामने आई, जहां निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इसी दौरान चार्जिंग पर लगा एक यात्री का पावर बैंक फट गया। इस घटना के बाद रेलवे ने ट्रेनों में चार्जिंग व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने पर जोर दिया है।

रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (जनरल) शोभित गुप्ता ने 26 अक्टूबर को सभी क्षेत्रीय रेलों के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को पत्र जारी किया। इसमें रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के पहले से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।

औचक निरीक्षण से रखी जाएगी नजर

रेलवे बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे कर्मचारियों को इस नियम के बारे में स्पष्ट जानकारी दें। इसके साथ ही परामर्श और प्रशिक्षण की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है। अधिकारी और सुपरवाइजर औचक निरीक्षण करके जांच करेंगे कि निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट वास्तव में बंद रखे जा रहे हैं या नहीं।

नियमों की अनदेखी होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो।

जोधपुर मंडल में भी लागू होंगे निर्देश

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की पहली प्राथमिकता है। निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।

यात्रियों को भी बरतनी होगी सावधानी

रेलवे की इस व्यवस्था का मकसद मोबाइल, पावर बैंक और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चार्जिंग के दौरान ओवरहीटिंग, तकनीकी खराबी और आग लगने जैसी घटनाओं का जोखिम कम करना है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यदि चार्जिंग के दौरान मोबाइल या पावर बैंक असामान्य रूप से गर्म हो जाए, उसमें से धुआं निकलने लगे या किसी तरह की खराबी दिखाई दे, तो तुरंत ट्रेन में मौजूद स्टाफ को इसकी सूचना दें।

यात्रियों के लिए जरूरी बात: रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन के चार्जिंग पॉइंट बंद रहने की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सफर पर निकलने से पहले अपने मोबाइल और पावर बैंक को चार्ज कर लें।

Share this story

Tags