Breaking News: एयर इंडिया फ्लाइट में बड़ा हादसा टला, 36,000 फीट पर फ्यूल खत्म, 1 इंजन पर लैंडिंग
अबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के चलते वापस कोच्चि लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसके इंजन-1 में फ्यूल ऑयल की मात्रा तेजी से कम होने लगी। कुछ ही देर में ऑयल प्रेशर खतरनाक स्तर यानी रेड जोन में पहुंच गया।
स्थिति को देखते हुए पायलटों ने इंजन-1 को बंद कर दिया और विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला किया। यह घटना 7 सितंबर की बताई जा रही है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। हालांकि, एयर इंडिया एक्सप्रेस और DGCA की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
उड़ान के करीब 50 मिनट बाद सामने आई समस्या
ANI के सूत्रों के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद पायलटों ने इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से कम होती देखी। इसके बाद क्रू ने स्थिति का आकलन करने के लिए FORDEC प्रक्रिया अपनाई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फ्लाइट को रद्द कर विमान को कोच्चि वापस लाने का निर्णय लिया गया। कमांडर ने हाई फ्रिक्वेंसी के जरिए मुंबई रेडियो से संपर्क किया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान के कोच्चि लौटने की जानकारी दी।
एक इंजन बंद होने के बाद सुरक्षित लैंडिंग
सूत्रों के अनुसार, एक इंजन पर ओवरवेट बोइंग 737 को उतारना चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा ऑपरेशन माना जाता है। इसके बावजूद पायलटों ने विमान को सुरक्षित तरीके से कोच्चि एयरपोर्ट पर उतार लिया।
लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान में आई तकनीकी समस्या के बारे में जानकारी दी गई। हालांकि, फ्लाइट में उस समय कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल इस घटना को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस और DGCA की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

