Breaking News: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 7 लोगों की मौत; कई घायल, इलाके में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से बड़ी खबर सामने आई है। पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसा इतना भीषण था कि 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। वहीं, एक गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत-बचाव टीम
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सर्किल ऑफिसर शिवांग सिंह के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। जिला प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी। मौके पर एंबुलेंस के साथ फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां भी भेजी गईं। राहत एवं बचाव टीमों ने कई लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से कुछ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अधिकारियों की टीम गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति का लगातार जायजा ले रही है।
तीन घरों के जलने की आशंका
डीएम अमित पाल शर्मा के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमाके के कारण आसपास के करीब तीन घरों में आग लगने की आशंका है। घटनास्थल पर बचाव और राहत का काम अभी जारी है।
प्रशासन की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि फैक्ट्री में विस्फोट किस वजह से हुआ और हादसे के समय वहां कितने लोग मौजूद थे। फिलहाल घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया हादसे का संज्ञान
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को अस्पताल में उचित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत-बचाव अभियान के साथ-साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

