Breaking News : Greater Noida Bus Fire: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत
Greater Noida Bus Fire: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. नोएडा पुलिस ने मौतों की पुष्टि की है.
अचानक बस में लगी आग
जानकारी के मुताबिक बस ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी. बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे. दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग भड़क उठी. आग तेजी से फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
बताया गया कि चालक ने आग का पता चलते ही बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया. कई यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. कुछ यात्रियों ने आग की लपटों से बचने के लिए बस से छलांग भी लगा दी.
कुछ यात्री बस के अंदर फंसे
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतकों में बुजुर्ग महिला और दिव्यांग बच्चे भी शामिल हैं. घायलों को इलाज के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बस का नंबर BR 32 PA 8647 बताया जा रहा है. यह बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई गई है और दिल्ली से महोबा जा रही थी.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की तस्वीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद बस से तेज धुआं और ऊंची लपटें निकलने लगीं. यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. टोल कर्मचारियों के मुताबिक बस कुछ ही मिनटों में पूरी तरह आग की चपेट में आ गई.
कुछ लोगों ने बस से पटाखे जैसी आवाजें आने की बात भी कही है. हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. करीब चार से पांच दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया.
आग बुझाने और राहत-बचाव अभियान के दौरान जेवर टोल और फलैदा कट के आसपास एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात रोका गया. स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रैफिक दोबारा शुरू कराया गया.
CM Yogi ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए इस हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है. साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
आग कैसे लगी, जांच जारी
बस में आग लगने के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है. पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. हादसे के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

