BREAKING : पुणे जिला कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हत्या, 4-5 हमलावरों ने पहले चलाई गोलियां, फिर मचेटी से किया हमला
महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार दोपहर जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 4 से 5 हमलावरों ने एक शख्स को बीच सड़क पर घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद भी आरोपियों ने हमला जारी रखा और मचेटी से वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण शख्स ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
अदालत के बाहर हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शिवाजीनगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वारदात पुरानी रंजिश के चलते की गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम हमलावरों की पहचान करने और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
4 से 5 लोगों के शामिल होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या की इस वारदात में 4 से 5 हमलावर शामिल थे। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक आरोपियों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतक की पहचान और हत्या की वजह भी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

