Samachar Nama
×

BREAKING : रामबन में बड़ा सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी SUV; 2 की जान गई, 7 की हालत नाज़ुक

BREAKING : रामबन में बड़ा सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी SUV; 2 की जान गई, 7 की हालत नाज़ुक

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बुधवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। चिन्थन की ओर जा रही एक SUV अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में कुल 9 लोग सवार थे।दुर्घटना में चालक विजय सिंह और 26 वर्षीय सुनील सिंह की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में से एक को बेहतर इलाज के लिए जम्मू रेफर किया गया है, जबकि बाकी 6 घायलों को अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ओडिशा के गर्ल्स हॉस्टल में खाना खाने के बाद 46 छात्राएं बीमार

ओडिशा के मयूरभंज जिले में गर्ल्स हॉस्टल की 46 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मामला बड़साही ब्लॉक के मंत्री SSD गर्ल्स हाई स्कूल का है।जानकारी के मुताबिक, खाना खाने के बाद छात्राओं ने बीमारी की शिकायत की। इनमें से 8 छात्राओं का इलाज मंत्री हेल्थ सेंटर और 11 का बड़साही ग्रुप हेल्थ सेंटर में चल रहा है। बाकी 27 छात्राओं को हॉस्टल में ही निगरानी में रखा गया है।फिलहाल किसी छात्रा की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। बीमारी की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जिला कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।मयूरभंज में इस साल हॉस्टल और आवासीय स्कूलों से जुड़ा यह पांचवां ऐसा मामला है।

दिल्ली के DDA पार्क में डूबने से युवक की मौत

दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित अशोका DDA पार्क में पानी में उतरने के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना 7 अक्टूबर की बताई जा रही है।प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, युवक पानी के चारों ओर लगी लोहे की सुरक्षा जाली पार कर अंदर चला गया था। पार्क में पानी में उतरने और तैरने पर रोक से जुड़े चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।

सिक्योरिटी गार्ड ने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसके पहुंचने तक युवक पानी में उतर चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बाद में युवक का शव पानी से बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

तमिलनाडु में हिंदी लिखे दवा कवर को लेकर विवाद

तमिलनाडु के कोयंबटूर और करूर के सरकारी अस्पतालों में दवाओं के ऐसे कवर का वितरण रोक दिया गया है, जिन पर खुराक से जुड़ी जानकारी तमिल, अंग्रेजी और हिंदी में छपी थी।द्रमुक नेता टीआरबी राजा ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में भी तीन भाषा नीति लागू करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इन कवर का इस्तेमाल पिछले करीब 18 महीनों से किया जा रहा है और पिछली सरकार के समय भी इनका इस्तेमाल हुआ था।इस मुद्दे ने तमिलनाडु की भाषा नीति को लेकर पुरानी राजनीतिक बहस को फिर से चर्चा में ला दिया है।

मुंबई में 16 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग

मुंबई के कांदिवली इलाके में बुधवार रात 16 मंजिला ओएसके हेरिटेज बिल्डिंग में आग लग गई। आग रात करीब 9:14 बजे लगी।दमकल विभाग के मुताबिक, आग 13वीं और 14वीं मंजिल की खिड़कियों, कपड़ों और बिजली के सामान तक सीमित थी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे।दो घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है।

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का पुनर्गठन, 13 नए सदस्य नामित

केंद्र सरकार ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया यानी PCI का पुनर्गठन किया है। इसके तहत 13 नए सदस्यों को नामित किया गया है, जिनमें 6 संपादक और 7 कार्यरत पत्रकार शामिल हैं।प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की अध्यक्ष सेवानिवृत्त जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई हैं। PCI एक वैधानिक स्वायत्त संस्था है, जिसका उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करना और समाचार पत्रों व न्यूज एजेंसियों के स्तर में सुधार करना है।

दिल्ली पुलिस ने 11 सोशल मीडिया पोस्ट हटाने को कहा

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को कथित तौर पर गलत तरीके से दिखाने वाले 11 सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो पर कार्रवाई की है।पुलिस का कहना है कि इन पोस्ट में प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड हटाने और पुलिस के निर्देशों की अनदेखी जैसे घटनाक्रम नहीं दिखाए गए, जिससे लोगों के बीच गलत धारणा बन सकती है और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।पुलिस ने IT एक्ट के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नोटिस भेजकर 3 घंटे के भीतर इन पोस्ट को हटाने या उनकी पहुंच सीमित करने को कहा है। साथ ही संबंधित डेटा सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share this story

Tags