BREAKING:Kulgam Encounter: जंगलपोरा में आतंकियों से मुठभेड़, घायल लश्कर कमांडर की तलाश जारी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। कश्मीर पुलिस के मुताबिक, जंगलपोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग होने पर मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुरक्षाबलों का मुख्य फोकस लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट को पकड़ने पर है। बताया जा रहा है कि लतीफ भट दो दिन पहले हुई मुठभेड़ में घायल हुआ था, लेकिन वह सुरक्षाबलों को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहा।
CRPF पोस्ट पर फायरिंग में शामिल था लतीफ
जांच के मुताबिक, लतीफ भट और उसके साथी निसार ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान इलाके में CRPF की पोस्ट को निशाना बनाकर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हुए थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी।
16 नवंबर को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने उमर निसार को मार गिराया था। शुरुआत में सेना की ओर से लतीफ भट के भी मारे जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि लतीफ के पैर में गोली लगी थी और वह घायल अवस्था में भागने में सफल रहा।
छह महीने तक लतीफ को पनाह देने का आरोप
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, 11 नवंबर के हमले में शामिल उमर निसार डार ने लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने कथित तौर पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।
सोमवार को हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि घायल लतीफ भट भाग निकला। मंगलवार को भी सुरक्षाबलों ने ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से जंगलपोरा और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया था।
TRF से जुड़ने के कुछ दिन बाद मारा गया निसार
रिपोर्ट्स के अनुसार, उमर निसार डार घर छोड़ने के बाद आतंकी संगठन से जुड़ गया था। बताया जा रहा है कि उसने द रेजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF में शामिल होने के करीब एक सप्ताह बाद ही अपनी जान गंवा दी।
फिलहाल सुरक्षाबलों ने जंगलपोरा इलाके में घेराबंदी मजबूत कर दी है। घायल लतीफ भट की तलाश में अभियान जारी है। अधिकारियों की नजर आसपास के जंगल और संभावित ठिकानों पर है।

