Breaking : West Bengal में BJP बूथ प्रेसिडेंट की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों पर शक
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक बूथ प्रेसिडेंट की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना बोलपुर के वार्ड नंबर 12 स्थित त्रिशूलपट्टी के मिलपट्टी इलाके की बताई जा रही है. मृतक की पहचान चंदन भल्ला के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, चंदन भल्ला बोलपुर के वार्ड नंबर 11 में बूथ नंबर 202 के BJP बूथ प्रेसिडेंट थे. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, गोलीबारी के तुरंत बाद दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से मौके से भागते हुए देखे गए. दोनों ने कथित तौर पर अपने चेहरे ढक रखे थे.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है.

