Breaking : अरब सागर में बड़ा हादसा: भारतीय नौसेना के जहाज से टकराई पाक नेवी की नाव, दिल्ली ने जताया कड़ा विरोध
भारत ने बुधवार को नई दिल्ली में पाकिस्तान के ‘चार्ज डी’अफेयर्स’ को तलब किया और पाकिस्तानी नौसेना के एक जहाज के व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। भारत ने इस घटना को ‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर’ बताया है।विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उत्तरी अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र के भीतर भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत नियमित निगरानी मिशन पर था। इसी दौरान पाकिस्तान नौसेना का एक जहाज तेजी से भारतीय पोत के करीब आया और असुरक्षित तरीके से आगे बढ़ा, जिसके कारण दोनों जहाजों के बीच टक्कर हो गई।भारत ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना के जहाज का यह व्यवहार भारत और पाकिस्तान के बीच 1991 में हुए समझौते के आर्टिकल 10 का उल्लंघन है।
पाकिस्तान को सैन्य इकाइयों को सावधानी बरतने की सलाह
भारत की ओर से पाकिस्तानी चार्ज डी’अफेयर्स से कहा गया कि वे इस मामले को संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक पहुंचाएं। भारत ने कहा कि सभी सैन्य इकाइयों को समुद्र में बेहद सावधानी बरतनी चाहिए और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए दोनों देशों के बीच हुए संबंधित समझौतों की शर्तों का पालन किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही इस्लामाबाद में तैनात भारत के ‘चार्ज डी’अफेयर्स’ को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने इसी तरह का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।चार्ज डी’अफेयर्स वह राजनयिक होता है, जो राजदूत की अनुपस्थिति में दूतावास या राजनयिक मिशन के प्रमुख के तौर पर काम करता है।

