मानसून की रफ्तार पर ब्रेक: राजस्थान-MP समेत 10 राज्यों में अगले 5 दिन कम बारिश, वीडियो में जाने यूपी-उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही
देश में मानसून की चाल एक बार फिर बदल गई है। मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत 10 राज्यों में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिस्सों से बादलों की मौजूदगी कम हो गई है, जिसके कारण इन इलाकों में बारिश की संभावना घट गई है। वहीं, मानसून की सक्रियता अब पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ गई है, जहां कई जगहों पर भारी बारिश देखने को मिल रही है।
सैटेलाइट तस्वीरों में भी मौसम का यह बदलाव साफ नजर आ रहा है। पश्चिमी भारत के ऊपर बादलों की कमी दिखाई दे रही है, जबकि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में बादलों का जमावड़ा बना हुआ है। यही वजह है कि इन राज्यों में तेज बारिश और जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो रही है।
राजस्थान और मध्यप्रदेश में बारिश की रफ्तार होगी धीमी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून की ट्रफ लाइन और नमी वाली हवाओं की स्थिति में बदलाव के कारण अगले कुछ दिनों तक मध्यप्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में बारिश का जोर कम रहेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम बताई जा रही है।बारिश में कमी का असर खेती-किसानी पर भी देखने को मिल सकता है। किसान अब मानसून की दोबारा सक्रियता का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
उत्तर प्रदेश में बारिश बनी आफत, अंडरपास में डूबी कार
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। हापुड़ में तेज बारिश के बाद एक अंडरपास में पानी भर गया, जिसमें एक थार कार डूब गई। अचानक पानी भरने से वाहन चालक परेशान हो गए। प्रशासन की ओर से जलभराव वाले इलाकों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।बिजनौर में भी भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। गंगा और उसकी सहायक मालन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कई पुलों पर पानी आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले तीन दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 15 लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
उत्तराखंड में पहाड़ दरका, पिकअप वाहन मलबे में दबा
उत्तराखंड में बारिश ने पहाड़ी इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पौड़ी गढ़वाल में देर रात भारी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि चलती पिकअप गाड़ी पर अचानक पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर गिर गया।पहाड़ से गिरे मलबे और बड़े-बड़े बोल्डरों की चपेट में आने से पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी
जहां पश्चिमी भारत में मानसून कमजोर पड़ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश जारी है। मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा सहित कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी और नदी किनारे रहने वाले लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियों में बदलाव पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।

