Samachar Nama
×

बोरदोलोई के कांग्रेस छोड़ने पर गौरव गोगोई ने कहा, 'चुनाव किसी एक व्यक्ति से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण'

डिब्रूगढ़, 18 मार्च (आईएएनएस)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई दिल्ली से डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के भाजपा में शामिल होने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
बोरदोलोई के कांग्रेस छोड़ने पर गौरव गोगोई ने कहा, 'चुनाव किसी एक व्यक्ति से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण'

डिब्रूगढ़, 18 मार्च (आईएएनएस)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई दिल्ली से डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के भाजपा में शामिल होने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

गोगोई ने बोरदोलोई के इस कदम को 'दुर्भाग्यपूर्ण' करार दिया और इसे उनका 'निजी फैसला' बताया। उन्होंने कहा, "पार्टी ने बोरदोलोई को हाल ही में नगांव लोकसभा सीट से सांसद बनने का मौका दिया था, जो मात्र दो साल पहले की बात है। इसके अलावा, पूर्वी असम के तिनसुकिया जिले की मार्घेरिटा विधानसभा सीट से उनके परिवार के एक सदस्य को कांग्रेस ने टिकट भी दिया था। इन सभी अवसरों के बावजूद, उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया जो उनका निजी फैसला है। यह चुनाव किसी एक व्यक्ति से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। यह चुनाव असम को हिमंत बिस्वा सरमा के चंगुल से आजाद कराने का है; असम को हिमंत बिस्वा सरमा की डर और धमकियों वाली राजनीति से मुक्त कराने का है।"

उन्होंने कहा, "एक पार्टी के अंदर हमेशा मतभेद होते हैं। मैं इसे मतभेद नहीं मानता; हम सभी ने अपने राजनीतिक करियर में मतभेदों का सामना किया है और हमारी अपनी मजबूत राय रही है। मुझे नहीं लगता कि किसी एक सीट को लेकर राय में अंतर होना, पार्टी छोड़ने और किसी विरोधी पार्टी में शामिल होने का कोई सही कारण है।"

यह घटना असम विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। प्रद्युत बोरदोलोई ने पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया था और जल्द ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। बोरदोलोई ने पार्टी छोड़ने के पीछे आंतरिक असंतोष, टिकट वितरण और कुछ घटनाओं में गौरव गोगोई की भूमिका पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस नेतृत्व ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया था, लेकिन गोगोई ने इसे व्यक्तिगत निर्णय के रूप में देखा।

डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौरव गोगोई का स्वागत किया। समर्थकों ने नारे लगाए और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए, खासकर जमीन से जुड़े घोटालों और प्रशासनिक अनियमितताओं का जिक्र किया। गोगोई ने कहा कि राज्य सरकार विकास के नाम पर जनता के हितों की अनदेखी कर रही है और भ्रष्टाचार चरम पर है।

कांग्रेस नेता ने कहा, "अभी दो दिन पहले ही मैं लखीमपुर जिले में था; यह वही जिला है जहां से भूपेन बोराह इस समय भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। और मैंने कांग्रेस पार्टी की लोकप्रियता में, साथ ही कांग्रेस पार्टी की संगठनात्मक शक्ति में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी है। इसकी वजह यह है कि कांग्रेस पार्टी असम की जनता के विचारों और इच्छाओं के अनुरूप काम कर रही है। वहां के लोग 'माफिया राज', 'नशा राज', 'सिंडिकेट राज' और हिमंत बिस्वा सरमा के भ्रष्ट शासन का अंत देखना चाहते हैं।"

बता दें कि 15 मार्च को चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके असम समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की घोषणा कर दी। असम के सभी 126 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान है, जबकि नतीजे सभी राज्यों के 4 मई को सामने आएंगे।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags