'बॉर्डर' के असली हीरो कुलदीप सिंह चांदपुरी: साहस से कांप उठे थे दुश्मन, 12 टैंक छोड़कर भागी थी पाकिस्तानी सेना
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी राजस्थान सेक्टर में पंजाब रेजिमेंट की एक कंपनी की कमान संभाल रहे थे। 5 दिसंबर 1971 की तड़के दुश्मन ने पैदल सेना और टैंकों के साथ इस जगह पर एक बड़ा हमला किया। मेजर कुलदीप चांदपुरी ने बेहतरीन नेतृत्व का परिचय देते हुए अपनी टुकड़ी को एकजुट रखा और पूरी मजबूती के साथ डटे रहे। पाकिस्तानी सेना के टैंकों के जोरदार हमले को रोकने के लिए कुलदीप सिंह चांदपुरी और उनके साथियों ने जो वीरता और साहस दिखाया, उसके लिए वे इतिहास में अमर हो गए।
जब भी सैन्य कुशलता के इतिहास के बारे में लिखा-पढ़ा जाएगा, जब सैन्य पराक्रम की चर्चा होगी, तो 'बैटल ऑफ लोंगेवाला' को जरूर याद किया जाएगा। ये वो समय था जब पाकिस्तान की सेना बांग्लादेश के निर्दोष नागरिकों पर अत्याचार कर रही थी, जुल्म कर रही थी और नरसंहार कर रही थी। इन हरकतों से पाकिस्तानी सेना का घृणित चेहरा उजागर हो रहा था।
दुनिया के सामने पाकिस्तान का भयंकर रूप प्रकट हो रहा था। इन सबसे दुनिया का ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान ने भारत की पश्चिमी सीमाओं पर मोर्चा खोल दिया था। पाकिस्तान को लगता था कि वह भारत की पश्चिम सीमा पर मोर्चा खोल देगा तो उसके बांग्लादेश के सारे पाप छिप जाएंगे। हालांकि पश्चिमी सीमाओं पर भारत के सैनिकों ने जो मुंहतोड़ जवाब दिया, पाकिस्तान को लेने के देने पड़ गए।
राजस्थान की लोंगेवाला पोस्ट पर दिखाए गए पराक्रम की इस गूंज ने दुश्मन का हौसला तोड़ दिया था। उसको क्या पता था कि यहां उसका सामना मां भारती के बहादुर बेटों से होने वाला है। मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी के नेतृत्व में भारतीय जवानों ने टैंकों से लैस दुश्मन के सैनिकों को धूल चटा दी और उनके मंसूबों को नेस्तनाबूत कर दिया। कुलदीप सिंह चांदपुरी ने लोंगेवाला की लड़ाई में अपने 120 सैनिकों के साथ पाकिस्तानी सेना के पैटन टैंकों और 2,000 से ज्यादा सैनिकों के बड़े हमले का डटकर सामना किया।
उन्होंने एक बंकर से दूसरे बंकर तक जाकर अपने सैनिकों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने तब तक उनका मनोबल बनाए रखा जब तक कि अतिरिक्त सैन्य बल नहीं आ गए। इस वीरतापूर्ण बचाव के दौरान उन्होंने दुश्मन सेना को भारी नुकसान पहुंचाया और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया, जिसके चलते दुश्मन अपने 12 टैंक वहीं छोड़ गया।
लोंगेवाला की लड़ाई जीतने के बाद भारतीय सेना के जवानों के पाकिस्तानी टैंकों के ऊपर नाचते हुए ली गई वह प्रसिद्ध तस्वीर कुलदीप चांदपुरी के घर के लिविंग रूम में उनके आखिरी समय तक दीवार पर सजी हुई थी। 1997 में आई प्रसिद्ध हिंदी फिल्म 'बॉर्डर' इसी लोंगेवाला युद्ध और कुलदीप चांदपुरी की गाथा पर आधारित थी, जिसमें सनी द्योल ने उनकी भूमिका निभाई थी।
कुलदीप चांदपुरी हमेशा एक योद्धा की तरह रहे, चाहे कैंसर के खिलाफ उनकी आखिरी लड़ाई ही क्यों न हो। 17 नवंबर 2018 की सुबह जब उनका निधन हुआ, तो उनके 78वें जन्मदिन में बस पांच दिन बचे थे। बीमारी से लड़ने में भी ब्रिगेडियर चांदपुरी का का जज्बा कभी कम नहीं हुआ। उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटे हैं।
--आईएएनएस
डीसीएच/पीएम

