बोकारो: पत्नी ने मायके जाने की जिद की तो गुस्साए पति ने कुल्हाड़ी से काट डाला
बोकारो, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडीह गांव के चाकुलिया टोला में विकास कुमार नामक शख्स ने 25 वर्षीय पत्नी शानु देवी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। संवेदनहीनता की पराकाष्ठा यह रही कि हत्या के बाद आरोपी पति विकास रजवार रात भर पत्नी के खून से सने शव के बगल में ही सोता रहा। इस घटना की जानकारी परिवार के लोगों को रविवार को हुई।
पुलिस और ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात को शानु देवी ने पति विकास से मायके जाने की इच्छा जाहिर की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्साए विकास ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रही पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुल्हाड़ी के गहरे जख्मों के कारण शानु देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी विकास शराब पीने का आदी था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद वह दोबारा बाहर गया, शराब पी और घर लौटकर मृत पत्नी के शव के पास ही जाकर सो गया। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा रविवार रात करीब 10 बजे हुआ। जब काफी देर तक पति-पत्नी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो विकास के पिता, शक्त पद रजवार, उन्हें जगाने पहुंचे।
अंदर का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर बहू का लहूलुहान शव पड़ा था और पास ही बेटा सो रहा था। पूछने पर विकास ने बिना किसी पछतावे के पिता के सामने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विकास रजवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

